टॉप न्यूज़

कोलकाता समेत पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट जारी

जलजमाव से लगा जाम, थमी महानगर की रफ्तार

बुधवार से शुक्रवार तक बारिश जारी रहने का अनुमान

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार शाम से ही कोलकाता समेत कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद महानगर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति देखने को मिली। अचानक हुई बारिश से लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में पानी भरने और ट्रैफिक की रफ्तार धीमी होने से परेशानी भी बढ़ गई। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज के साथ बारिश का अनुमान है। बीरभूम, मुर्शिदाबाद और पूर्व बर्दवान में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि सक्रिय मॉनसून ट्रफ और बंगाल के आसपास बने सिस्टम के कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है। बुधवार से शुक्रवार तक कई जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। शनिवार से दक्षिण बंगाल में बारिश कम होने के संकेत हैं। वहीं उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

कोलकाता के इन इलाकाें में जलजमाव

लगातार हो रही बारिश के कारण कोलकाता के कई प्रमुख इलाकों में भारी जलजमाव की स्थिति बन गई। ठनठनिया, सेंट्रल एवेन्यू, उत्तर कोलकाता, साल्ट लेक, कैखाली, बेहला, प्रिंस अनवर शाह रोड जैसे क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया। कई जगहों पर सड़कें पानी में डूब गईं जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।



बारिश के बाद महानगर में ट्रैफिक की रफ्तार थमी

जलजमाव के कारण कोलकाता के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ। गरियाहाट, रासबिहारी, हाजरा मोड़, बाईपास, साल्ट लेक, महात्मा गांधी रोड, भवानीपुर व अन्य इलाकों में वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक ग गया।

SCROLL FOR NEXT