नयी दिल्ली : ED ने विदेशी मुद्रा संबंधी कथित ‘उल्लंघन’ को लेकर वैश्विक खनन समूह वेदांता के खिलाफ जांच के तहत उसके परिसरों पर छापामारी की है।
अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ऐसा बताया जा रहा है कि अरबपति कारोबारी अनिल अग्रवाल से जुड़े इस कारोबारी समूह के खिलाफ छापामारी सोमवार को शुरू की गयी। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली और राजस्थान स्थित परिसरों के अलावा कुछ अन्य स्थानों में भी छापामारी की गयी। उन्होंने बताया कि जांच विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के दीवानी प्रावधानों के तहत की जा रही है।
वेदांता के एक प्रवक्ता ने ED की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि कंपनी ‘प्राधिकारियों को पूरा सहयोग दे रही है और मांगी गयी सभी जानकारी उपलब्ध करा रही है।’ प्रवक्ता ने कहा, ‘कंपनी सभी कानूनों और नियमों के अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध है।’ उन्होंने कहा, ‘चूंकि मामला फिलहाल ‘रेगुलेटरी प्रक्रिया’ के तहत है इसलिए हम इस स्तर पर आगे कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।’ वेदांता लिमिटेड धातुओं, महत्वपूर्ण खनिजों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रमुख वैश्विक उत्पादक है। कंपनी का कारोबार भारत, अफ्रीका, पश्चिम एशिया और पूर्वी एशिया में फैला है।