लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ 
टॉप न्यूज़

राहुल गांधी का अमित शाह पर बड़ा हमला : ‘महिलाओं से क्यों डरती है दिल्ली पुलिस?’

साकेत थाने का CCTV फुटेज सार्वजनिक करने की मांग

Kamlesh Pandey

नई दिल्ली : महिला प्रदर्शनकारियों और पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में महिलाओं की आवाज दबाने का एक “पैटर्न” बन गया है—जो महिला सवाल पूछे, उसे चुप करा दो।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर महिला पत्रकारों शाहीन खान और नफीसा खान के साथ बातचीत का एक वीडियो साझा किया। इसके साथ उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि आखिर उनकी पुलिस महिलाओं से क्यों डरती है।

‘जो औरत सवाल पूछे, उसे चुप करा दो’

राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली में इस समय जो कुछ हो रहा है, उसमें एक स्पष्ट पैटर्न नजर आता है। उनके मुताबिक, “जो औरत सवाल पूछे, उसे चुप करा दो।”

उन्होंने जंतर-मंतर पर हुई कथित कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया। राहुल गांधी के अनुसार, महिला प्रदर्शनकारियों ने पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा बदसलूकी के आरोप लगाए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला पत्रकारों के कैमरे छीने गए और उन्हें घसीटा गया।

शाहीन और नफीसा के आरोपों का किया जिक्र

कांग्रेस नेता ने पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान के उन आरोपों का भी जिक्र किया, जिनमें दोनों ने सितंबर में एक कार्यक्रम की कवरेज के दौरान हिरासत में लिए जाने और साकेत थाने में कथित मारपीट व बदसलूकी का आरोप लगाया था।

राहुल गांधी ने कहा कि कुछ सप्ताह पहले दोनों पत्रकारों ने साकेत थाने के अंदर अपने साथ हुई कथित हिंसा और बदसलूकी की आपबीती सुनाई।

उन्होंने सवाल उठाया कि “थाना वह जगह है, जहां महिलाएं शिकायत लेकर जाती हैं। अगर वहीं उनके साथ ऐसा व्यवहार हो, तो वे अपनी सुरक्षा के लिए कहां जाएंगी?”

हालांकि, दिल्ली पुलिस ने पत्रकारों के इन आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें “तथ्यात्मक रूप से गलत” और “भ्रामक” बताया था।

‘महिलाओं की रक्षा करने वाले ही बन रहे खतरा’

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जिन पुलिसकर्मियों पर महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही उनके लिए खतरा बनते जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, “जिन पर महिलाओं की रक्षा की जिम्मेदारी है, वही आज उनके लिए खतरा बन रहे हैं।”

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस किसके प्रशासनिक नियंत्रण में है, यह पूरे देश को पता है। इस बयान के जरिए उन्होंने सीधे केंद्र सरकार और गृहमंत्री अमित शाह को निशाने पर लिया।

साकेत थाने का पूरा CCTV फुटेज सार्वजनिक करने की मांग

राहुल गांधी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए साकेत थाने का पूरा CCTV फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कथित तौर पर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि शाहीन, नफीसा और उन सभी लोगों को न्याय मिलना चाहिए, जिनके साथ दिल्ली पुलिस पर हिंसा या बदसलूकी के आरोप लगे हैं।

अमित शाह से राहुल का सीधा सवाल

अपने बयान के अंत में राहुल गांधी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर सीधा निशाना साधते हुए सवाल किया—

“अमित शाह जी, आप और आपकी पुलिस महिलाओं से डरती क्यों है?”

राहुल गांधी के इस बयान के बाद महिला प्रदर्शनकारियों और पत्रकारों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं।


SCROLL FOR NEXT