सांकेतिक तस्वीर 
टॉप न्यूज़

राहुल गांधी पर गर्भवती पत्रकार को धक्का देने का आरोप

अर्जी पर कोर्ट सुनवाई के लिए सहमत

Kamlesh Pandey

नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उस याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति जता दी है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट की ओर निकाले गए एक मार्च के दौरान एक गर्भवती पत्रकार को धक्का दिया था।

प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची के पीठ के समक्ष इस आवेदन का उल्लेख किया गया, जिस पर पीठ ने कहा कि इस मामले पर 26 या 27 अक्टूबर को सुनवाई की जाएगी। मामले का उल्लेख करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि एक लंबित याचिका के सिलसिले में यह आवेदन दायर किया गया है।

अधिवक्ता भाटिया ने कहा, ‘अदालत परिसर में एक महिला पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार किया गया।’ इससे पहले बृहस्पतिवार को सुप्रीम कोर्ट ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), दिल्ली के प्रदर्शनों, 12 अक्टूबर के मार्च और पत्रकारों तथा वकीलों पर कथित हमले से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई की थी। सुप्रीम कोर्ट ने एक महिला पत्रकार के खिलाफ कोई भी दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया था। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी की शिकायत पर पत्रकार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसमें आरोप लगाया कि जंतर-मंतर के पास एक विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला पत्रकार ने जातिसूचक टिप्पणी कर उन्हें अपमानित किया था। भाटिया ने बृहस्पतिवार को ही पीठ से गर्भवती महिला पत्रकार के मामले पर भी विचार करने का आग्रह किया।

अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि 12 अक्टूबर को निकाले गए मार्च के दौरान राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट परिसर में उस पत्रकार को कथित तौर पर धक्का दिया था। भाटिया ने दलील दी, ‘ सुप्रीम कोर्ट परिसर में राहुल गांधी द्वारा एक महिला पत्रकार को धक्का दिया गया। वह तीन महीने की गर्भवती हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।’ उन्होंने आग्रह किया कि सुप्रीम कोर्ट को इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए। इस पर पीठ ने भाटिया को इस संबंध में औपचारिक याचिका दायर करने को कहा था और उस पर विचार करने का आश्वासन दिया था।

राहुल गांधी और कई प्रमुख विपक्षी नेता अपने समर्थकों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित रूप से बड़े पैमाने पर नाम हटाने और अनियमितताएं होने के खिलाफ याचिका दायर करने के लिए 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। राष्ट्रीय राजधानी में SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 12 अक्टूबर के मार्च के खिलाफ दायर याचिका पर बृहस्पतिवार को राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस पार्टी और अन्य को नोटिस जारी किए थे।

SCROLL FOR NEXT