टॉप न्यूज़

राहुल ने पीएम मोदी को कहा ‘महंगाई मानव’

10 दिन में चार बार बढ़े दाम, महंगाई और ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने की आशंका

नई दिल्ली : देश में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘महंगाई मानव’ बताया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रधानमंत्री किस्तों में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाते हैं, ताकि आम जनता की जेब पर धीरे-धीरे बोझ डाला जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही ईंधन की कीमतों में करीब 8 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई और यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि वह पिछले कुछ महीनों से आर्थिक संकट की आशंका जता रहे थे, लेकिन सरकार उस समय चुनाव में व्यस्त थी।

15 मई से ईंधन की कीमतों में संशोधन फिर से शुरू होने के बाद से अब तक चार बार दाम बढ़ चुके हैं। इससे महंगाई बढ़ने और परिवहन लागत में इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।

तेल कंपनियों का कहना है कि लंबे समय तक कीमतों में बदलाव नहीं होने के कारण अब चरणबद्ध तरीके से वृद्धि की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, रुपये की कमजोरी और रिफाइनिंग मार्जिन घटने से आयात लागत बढ़ गई है।

देश के ईंधन बाजार का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों के हाथ में है। कंपनियों के अनुसार, ईरान को लेकर अमेरिका-इजरायल तनाव और हॉर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति बाधित होने से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें फरवरी के बाद से 50 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ी हैं।

सरकार का कहना है कि शुरुआती दौर में कीमतें स्थिर रखकर आम जनता को महंगाई से बचाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वैश्विक परिस्थितियों के चलते अब दाम बढ़ाने पड़े हैं।

SCROLL FOR NEXT