टॉप न्यूज़

रचना बनर्जी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से की सौहार्दपूर्ण मुलाकात

सन्मार्ग संवाददाता

हुगली : तृणमूल कांग्रेस की सांसद रचना बनर्जी ने चुंचुड़ा के पिपुलपाती मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात कर राजनीतिक माहौल में एक अलग संदेश दिया। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई, जब विभिन्न सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की बढ़त की खबरों से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा था।

मुलाकात के दौरान रचना बनर्जी ने भाजपा समर्थकों से बातचीत की और कई लोगों के साथ सेल्फी भी ली। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में उत्सुकता और उत्साह दोनों ही नजर आए। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद इस तरह की सहज बातचीत ने स्थानीय स्तर पर सौहार्द का संकेत दिया।

इस बारे में प्रतिक्रिया देते हुए रचना बनर्जी ने कहा कि वे एक सांसद हैं और सभी लोगों से संवाद करना उनका दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी के साथ तस्वीर लेने या बातचीत करने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उनके अनुसार, “सब इंसान हैं, और आपसी संवाद होना चाहिए।”

‘जय श्रीराम’ के नारे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने संतुलित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भगवान राम सभी के आराध्य हैं और उनकी पूजा की जाती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे ‘जय बांग्ला’ का उद्घोष भी करती हैं, जो राज्य की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।

इस मुलाकात को राजनीतिक हलकों में अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है। जहां कुछ लोग इसे सौहार्द और लोकतांत्रिक भावना का उदाहरण मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे बदलते राजनीतिक समीकरणों के संकेत के रूप में भी देख रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT