टॉप न्यूज़

कदमतला में अनीश टोपो की संदिग्ध मौत पर फिर उठे सवाल, परिजन भूख हड़ताल पर

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : कदमतला क्षेत्र में अनीश टोपो की संदिग्ध मौत को लेकर उठे सवाल एक बार फिर तेज हो गए हैं। 24 अगस्त 2025 को हुई इस घटना के लगभग चार से पाँच महीने बाद भी परिजन और स्थानीय लोग जांच प्रक्रिया से संतुष्ट नहीं हैं। इसी कड़ी में गुरुवार सुबह अनीश टोपो की मां, परिजन, रिश्तेदारों तथा रांची समुदाय के लोगों ने कदमतला में भूख हड़ताल शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, अनीश टोपो कदमतला का रहने वाला था और वह उत्तरा में एक युवती से मिलने गया था। उसी दिन शाम को उसका शव एक पेड़ से फंदे पर लटका हुआ पाया गया। शव की स्थिति और घटनास्थल को देखते हुए शुरुआत से ही इस मामले को लेकर कई सवाल उठते रहे। मृतक के शरीर पर केवल ऊपरी हिस्से में कपड़े थे, जबकि निचला हिस्सा निर्वस्त्र था। शव उसी युवती के घर के पास पाया गया, जिससे वह मिलने गया था।

घटना के बाद इलाके में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। सड़क जाम, धरना-प्रदर्शन और छात्रों के सड़क पर उतरने की घटनाएं सामने आईं। बाद में युवती के पिता को गिरफ्तार किया गया। हालांकि परिजनों का आरोप है कि अनीश की मौत में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, लेकिन अब तक केवल एक आरोपी के खिलाफ ही कार्रवाई हुई है।

परिजनों का कहना है कि पिछले महीने यह जानकारी दी गई थी कि आरोपी का नार्को टेस्ट कराया गया है, लेकिन हाल ही में पुलिस की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि नार्को टेस्ट हुआ ही नहीं है। इसी बात को लेकर परिजनों का पुलिस पर से विश्वास डगमगा गया है। अनीश की मां ने आरोप लगाया कि न तो नार्को टेस्ट की रिपोर्ट आई है और न ही फॉरेंसिक रिपोर्ट, जबकि बार-बार जल्द रिपोर्ट आने का आश्वासन दिया जा रहा है।

भूख हड़ताल पर बैठी अनीश की मां ने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाए और यदि अन्य लोग इसमें शामिल हैं तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि चार महीने बीत जाने के बावजूद यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनके बेटे के साथ आखिर हुआ क्या।

मौके पर पहुंचे एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन का कहना है कि फॉरेंसिक और अन्य वैज्ञानिक जांच अहमदाबाद स्थित प्रयोगशाला में हुई है, जिसकी रिपोर्ट प्रक्रिया पूरी होने के बाद आएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जांच न्यायालय के अधीन है और आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत ही होगी।

फिलहाल भूख हड़ताल जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

SCROLL FOR NEXT