सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

पुलक राय को हावड़ा ग्रामीण और राजीव बनर्जी को हावड़ा सदर की कमान !

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : पश्चिम बंगाल में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने हावड़ा जिले में पार्टी की कमान अनुभवी नेताओं को सौंपी है। राज्य के पूर्व मंत्री और उलूबेड़िया दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुलक राय को हावड़ा ग्रामीण संगठनात्मक जिले का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें पार्टी का प्रदेश महासचिव भी बनाया गया है। जिम्मेदारी मिलने के बाद बुधवार को पुलक राय ने कहा, "मैं संगठन को शक्तिशाली बनाने के काम में खुद को पूरी तरह समर्पित कर दूंगा।" गौरतलब है कि साल 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले भी वह इस पद पर थे, लेकिन कैबिनेट में दो महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने पद छोड़ दिया था। साल 2026 के हालिया विधानसभा चुनाव में राज्य स्तर पर पार्टी की हार के बावजूद हावड़ा ग्रामीण में टीएमसी का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा था। इस दौरान चली अंदरूनी कलह और दलबदल के बीच पुलक राय पूरी तरह पार्टी के साथ डटे रहे।

राजीव बनर्जी बने हावड़ा सदर के नए अध्यक्ष

दूसरी तरफ, टीएमसी ने पूर्व मंत्री राजीव बनर्जी को हावड़ा जिला सदर का नया अध्यक्ष घोषित किया है, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है। कमान संभालते ही राजीव बनर्जी ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा, "मेरा पूरा जोर हावड़ा सदर में पार्टी संगठन को और अधिक शक्तिशाली, सक्रिय और सुसंगत बनाने पर रहेगा।"

SCROLL FOR NEXT