सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : पर्यावरण तथा वन विभाग के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (तटीय विनियमन एवं वन स्वीकृति) द्वारा ननकौरी, चौरा और तिल्लोन्गचोंग द्वीपों के ‘‘समन्वित द्वीप प्रबन्धन योजना’’ तथा कच्छल एवं तरासा द्वीपों के ‘‘द्वीप तटीय विनियमन क्षेत्र योजना’’ के प्रारूप तैयार किए जाने के लिए पर्यावरण प्रभाव आंकलन अधिसूचना, 2006 के प्रावधानों के तहत लोक-सुनवाई करने के लिए आवेदन दिया गया है। इस सम्बन्ध में सूचना 03-11-2024 को प्रकाशित की गयी थी, जिसमें जनता तथा अन्य हितधारकों से 30 दिनों के भीतर सुझाव आमंत्रित किए गए थे। इन द्वीपों के नक्शों की सॉफ्ट कॉपी अंडमान तथा निकोबार प्रशासन की वेबसाइट तथा पर्यावरण एवं वन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई हैं। प्रारूपित योजनाओं की प्रतियाँ अनेक कार्यालयों में भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें अध्यक्ष, अंडमान तटीय क्षेत्र प्रबन्धन प्राधिकरण (मुख्य सचिव), सदस्य सचिव कार्यालय, वान सदन हड्डो, उप-आयुक्त (निकोबार), सहायक आयुक्त (कैम्पबेल बे), सहायक आयुक्त (ननकौरी), प्रभागीय वनाधिकारी (निकोबार), अंडमान निकोबार प्रदूषण नियंत्रण समिति, जनजाति कल्याण विभाग, सूचना प्रचार एवं पर्यटन विभाग तथा जनजातीय परिषदें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 5 नवबंर 2024 को इसी विषय पर एक और सूचना प्रकाशित की गयी थी, जिसके माध्यम से कच्छल तथा तरासा द्वीपों के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए थे। इन द्वीपों के नक्शे तथा ‘‘द्वीप तटीय विनियमन क्षेत्र’’ के प्रारूपित प्रतिवेदन भी सम्बन्धित कार्यालयों में उपलब्ध कराए गए हैं।
जनहित में इन द्वीपों के लिए लोक-सुनवाई निम्नलिखित तिथियों और स्थलों पर होगी
4 दिसम्बर प्रातः 10.30 बजे, सामुदायिक भवन चाम्पिन — ननकौरी द्वीप की ‘‘समन्वित द्वीप प्रबन्धन योजना’’ हेतु
5 दिसम्बर प्रातः 10 बजे, सामुदायिक भवन जापान टिकरी — कच्छल द्वीप की ‘‘तटीय विनियमन क्षेत्र योजना’’ हेतु
6 दिसम्बर प्रातः 09.30 बजे, कार्य विभाग अतिथि गृह चौरा — चौरा द्वीप की ‘‘समन्वित द्वीप प्रबन्धन योजना’’ हेतु
6 दिसम्बर दोपहर 12.30 बजे, कार्य विभाग अतिथि गृह तरासा — तरासा द्वीप की ‘‘तटीय विनियमन क्षेत्र योजना’’ तथा तिल्लोन्गचोंग द्वीप की ‘‘समन्वित द्वीप प्रबन्धन योजना’’ हेतु