गांधीनगरः गुजरात में बजट सत्र के तहत सदन की कार्यवाही शुरू होने से कुछ ही देर पहले बुधवार को विधानसभा परिसर में बम रखे होने की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पीयूष वांडा ने बताया कि ईमेल में विधानसभा परिसर में बम रखे जाने का दावा किया गया, जिसके बाद सभी कर्मचारियों और विधायकों को परिसर खाली करने के लिए कहा गया।
उन्होंने बताया कि बजट सत्र के तहत सदन की कार्यवाही सुबह नौ बजे शुरू होनी थी, लेकिन सुबह 8:45 बजे अधिकारियों को इस धमकी के बारे में पता चला। डीएसपी ने कहा, ‘‘ईमेल के माध्यम से बम की धमकी की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और विस्फोटक पदार्थों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया।’’ उन्होंने बताया कि अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
इधर मेल के जरिए बम की धमकी मिलने के बाद, DGP डॉ. केएलएन राव ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ राज्य विधानसभा का दौरा किया। उन्होंने परिसर और सभी प्रवेश द्वारों का निरीक्षण किया, और यह सुनिश्चित किया कि सुरक्षा के सभी इंतज़ाम पुख्ता हों।