नयी दिल्ली : कैंसर के इलाज पर होने वाला खर्च कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) के फैसले के बाद कैंसर की 543 दवा ब्रांडों और पैक की कीमतों में बदलाव किया गया है। इनमें 397 दवाओं के दाम घटाए गए हैं, जबकि 146 ब्रांड-पैक की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगी। इस फैसले से कैंसर के मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।सबसे बड़ी कटौती सैमटेपा इंजेक्शन की कीमत में हुई है। इसकी कीमत 80,071 रुपये से घटाकर 7,150 रुपये कर दी गई है। यानी अब मरीजों को इस इंजेक्शन के लिए पहले के मुकाबले करीब 91% कम कीमत चुकानी होगी। इसी तरह, पैलबोप्रो दवा के 21 कैप्सूल वाले पैक की कीमत 40,421 रुपये से घटाकर 2,720 रुपये कर दी गई है। यह कटौती करीब 93% है।
कीमतों में हुई कटौती का दायरा काफी व्यापक है। कुल 543 दवा ब्रांडों और पैक में से 217 की कीमतें आधे से भी कम हो गई हैं। वहीं, 97 ब्रांड की दवाओं के दाम 70% से ज्यादा घटाए गए हैं। इनमें से 50 ब्रांड की कीमतों में 80% से अधिक और पांच दवाओं में 90% से ज्यादा की कटौती की गई है। आंकड़े बताते हैं कि इस फैसले का असर कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई महंगी दवाओं पर पड़ा है।
दवाओं की कीमतों को लेकर यह कदम ऐसे समय आया है, जब सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को NPPA से सवाल किया था कि दवाओं की कीमतों पर नियंत्रण क्यों नहीं किया जा रहा है? इसके बाद कंपनियों ने संशोधित कीमतें जारी की हैं। सरकार ने 137 एंटी-कैंसर दवाओं के ट्रेड मार्जिन को अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) के 30% तक सीमित किया है। इसका उद्देश्य दवाओं की बिक्री में होने वाले मुनाफे पर अंकुश लगाना और मरीजों तक उन्हें अपेक्षाकृत कम कीमत पर पहुंचाना है।