टॉप न्यूज़

समुद्र में गहराया दबाव, उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट

3 दिनों तक तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बैशाख का महीना समाप्ति की ओर है और गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। हालांकि इस बार अधिकांश दिनों में कालबैशाखी तूफानों के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना रहा, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। अब दक्षिण बंगाल में बारिश और तूफान की गतिविधियां कम होती दिखाई दे रही हैं, जबकि उत्तर बंगाल में मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश से मणिपुर तक एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ सक्रिय है। यह ट्रफ पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिण बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों और दक्षिण असम से होकर गुजर रहा है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत होकर “सुस्पष्ट कम दबाव क्षेत्र” में बदल गया है। इसके प्रभाव से समुद्र से लगातार नमी भरी हवाएं जमीन की ओर आ रही हैं।

जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में तेज बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने गुरुवार यानी आज से शनिवार तक उत्तर बंगाल में भारी बारिश की संभावना जताई है। विशेष रूप से जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। इसके अलावा दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और उत्तर दिनाजपुर समेत अन्य जिलों में भी रुक-रुक कर बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। वहीं दक्षिण बंगाल में गुरुवार को बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों के लिए तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया गया है। कोलकाता में अगले कुछ दिनों तक हल्की और रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है, हालांकि भारी बारिश की उम्मीद नहीं है। बुधवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

SCROLL FOR NEXT