राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू -
टॉप न्यूज़

भारत आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने के मार्ग पर अग्रसर : मुर्मू

राष्ट्रपति का राष्ट्र के नाम संदेश

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को कहा कि भारत एक आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने की राह पर है और 2047 तक एक विकसित अर्थव्यवस्था बनने के लिए पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

78 वर्षों में असाधारण प्रगति की

मुर्मू ने 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा कि देश की अर्थव्यवस्था अच्छी स्थिति में है, महंगाई नियंत्रण में है और निर्यात बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशी शासन के लंबे वर्षों के बाद स्वतंत्रता के समय भारत भीषण गरीबी में था लेकिन उसके बाद के 78 वर्षों में, हमने सभी क्षेत्रों में असाधारण प्रगति की है। भारत एक आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने की राह पर है और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां और भी उल्लेखनीय हैं।

जीडीपी में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई

पिछले वित्त वर्ष में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इससे भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाला देश बन गया। वैश्विक अर्थव्यवस्था में तनाव के बावजूद, घरेलू मांग तेजी से बढ़ रही है। मुद्रास्फीति काबू में है। निर्यात बढ़ रहा है। सभी प्रमुख संकेतक अर्थव्यवस्था की मजबूती की ओर इशारा कर रहे हैं। उन्होंने आर्थिक मोर्चे पर उपलब्धियों का श्रेय सूझबूझ के साथ किए गए सुधारों, कुशल आर्थिक प्रबंधन, किसानों की कड़ी मेहनत और समर्पण को दिया।

चौतरफा आर्थिक वृद्धि

मुर्मू ने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में किये गये उपायों के साथ चौतरफा आर्थिक वृद्धि ने भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने की राह पर अग्रसर कर दिया है। अमृत काल में राष्ट्र के आगे बढ़ने के साथ, मैं देखती हूं कि हम सभी अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दे रहे हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि उद्योग प्रमुखों, लघु और मझोले उद्योगों और कारोबारियों ने हमेशा ‘कुछ कर गुजरने की भावना’ का प्रदर्शन किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि विशेष रूप से कश्मीर घाटी में रेल संपर्क का उद्घाटन एक बड़ी उपलब्धि है। यह व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देगा और नयी आर्थिक नीतियों की शुरुआत करेगा। कश्मीर में इंजीनियरिंग का यह चमत्कार भारत के लिए एक मील का पत्थर है।

SCROLL FOR NEXT