टॉप न्यूज़

गर्भवती महिलाओं को मिलेंगी 6 विशेष पोषण किट

राज्य सरकार ने अपने बजट में की घोषणा

21 हजार रुपये से महिलाओं को मिलेगा व्यापक सहयोग

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य के बजट में वित्त मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता ने गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह सर्वविदित है कि “ मां की गोद ही सभ्यता का पालना होता है।” इसी विचार को केंद्र में रखते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। वित्त मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना’ का उद्देश्य गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। यह योजना मातृत्व अवधि के दौरान होने वाली मजदूरी की हानि की आंशिक भरपाई करने के साथ-साथ बेहतर पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आदतों को प्रोत्साहित करती है।

21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का प्रावधान

कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग की महिलाओं को अतिरिक्त सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। घोषणा के अनुसार, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के अंतर्गत उपलब्ध वित्तीय लाभों सहित पात्र महिलाओं को कुल 21,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इससे गर्भावस्था और प्रसव के दौरान महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी तथा परिवार पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ को कम किया जा सकेगा।

6 पोषण किट से मिलेगा बेहतर पोषण समर्थन

आर्थिक सहायता के अतिरिक्त गर्भवती महिलाओं को 6 विशेष पोषण किट (न्यूट्रिशनल किट) भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इन किटों में आवश्यक पोषक तत्वों से युक्त सामग्री शामिल होगी, जिससे महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाने में सहायता मिलेगी। सरकार का मानना है कि उचित पोषण और समय पर स्वास्थ्य देखभाल से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। सरकार की इस घोषणा से मातृत्व सुरक्षा और पोषण संबंधी सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी।

SCROLL FOR NEXT