टॉप न्यूज़

दक्षिण अंडमान में बिजली संकट गहराया, राहत न मिलने पर 10 अगस्त से धरने की चेतावनी

दक्षिण अंडमान : दक्षिण अंडमान के विंबरलीगंज ग्राम पंचायत और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ सप्ताहों से अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्राम पंचायत विंबरलीगंज के प्रधान के. वेंकट राम बाबू ने ‘सन्मार्ग संवाददाता’ से बातचीत में बताया कि हर 1-2 घंटे के अंतराल पर बिजली कटौती हो रही है, जिसकी कोई निश्चित समय सीमा नहीं है। इस अनियमित बिजली आपूर्ति से क्षेत्र के लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्राम प्रधान के. वेंकट राम बाबू, पंचायत उप-प्रधान अब्दुल रहमान, जिला परिषद सदस्य वी. के. अब्दुल अजीज (ब्रिंदवान एवं कन्यापुरम), ग्राम पंचायत स्टीवर्टगंज के उप-प्रधान समसुद्दीन, ग्राम पंचायत मन्नारघाट के उप-प्रधान नौफाल, अन्य जनप्रतिनिधियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने हाल ही में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर से उनके विंबरलीगंज कार्यालय में मुलाकात की और अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। जूनियर इंजीनियर ने बताया कि लोड शेडिंग की यह स्थिति विभागीय स्तर पर उत्पन्न हुई समस्याओं के कारण हो रही है और कई मांगें उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं। इसके बाद जनप्रतिनिधियों का दल असिस्टेंट इंजीनियर से मिलने फरारगंज तहसील स्थित बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचा। वहां भी उन्होंने विस्तार से अपनी समस्याएं रखीं और तत्काल समाधान की मांग की। उन्होंने असिस्टेंट इंजीनियर से कहा कि बिना किसी निर्धारित समय-सारणी के बिजली कटौती हो रही है, जिससे छात्र, नौकरीपेशा और आमजन सभी परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि अगर बिजली कटौती आवश्यक है, तो कम-से-कम उसका एक निर्धारित समय तय किया जाए ताकि लोग अपने दैनिक कार्य उसी अनुसार कर सकें। उन्होंने बताया कि दिनभर में औसतन 6 से 8 घंटे की अनियोजित बिजली कटौती हो रही है। साथ ही, उपभोक्ताओं को बिजली बिल में कोई राहत नहीं मिल रही है। जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जब तक ऐसा संभव न हो, एक तय शेड्यूल जारी किया जाए। साथ ही, उन्होंने बैकअप पावर प्लांट की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग भी की। असिस्टेंट इंजीनियर ने सभी शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं और भरोसा दिलाया कि वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। प्रधान के. वेंकट राम बाबू ने सन्मार्ग संवाददाता को बताया कि यदि 10 अगस्त तक बिजली आपूर्ति में कोई सुधार नहीं होता है, तो वे फरारगंज तहसील में बड़े स्तर पर धरना देने को विवश होंगे।

SCROLL FOR NEXT