टॉप न्यूज़

बंगाल में स्टिंग वीडियो पर सियासी घमासान, हुमायूं कबीर का पलटवार

टीएमसी के कथित वीडियो को बताया फर्जी, 2000 करोड़ की मानहानि का केस करने और हाईकोर्ट जाने की चेतावनी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आहट के बीच सियासी माहौल गर्म हो गया है। तृणमूल कांग्रेस द्वारा जारी किए गए एक कथित स्टिंग वीडियो ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। वीडियो में आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख और टीएमसी के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर पर भाजपा के साथ करोड़ों रुपये की डील करने का दावा किया गया है। अब इस पूरे मामले पर हुमायूं कबीर ने तीखा पलटवार किया है और इसे ममता बनर्जी व टीएमसी की साजिश बताया है।

टीएमसी की ओर से जारी करीब 19 मिनट के वीडियो में आरोप लगाया गया है कि हुमायूं कबीर भाजपा के साथ मिलकर ममता सरकार को गिराने की योजना बना रहे थे और 1,000 करोड़ रुपये की डील हुई थी, जिसमें 200 करोड़ रुपये एडवांस मिलने का दावा किया गया है। वीडियो में यह भी कहा गया है कि मुस्लिम वोटों का बंटवारा कर भाजपा को फायदा पहुंचाने की बात की गई।

इन आरोपों को खारिज करते हुए हुमायूं कबीर ने कहा कि वीडियो पूरी तरह फर्जी और एडिटेड है। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई और डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। कबीर ने कहा कि वे इस मामले को हाईकोर्ट ले जाएंगे और अभिषेक बनर्जी व टीएमसी के खिलाफ 2,000 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दर्ज करेंगे।

स्टिंग वीडियो सामने आने के बाद एआईएमआईएम ने एजेयूपी से गठबंधन तोड़ दिया है, जबकि टीएमसी नेताओं ने प्रवर्तन निदेशालय से जांच की मांग की है। चुनाव आयोग ने भी शिकायत मिलने पर जांच के संकेत दिए हैं।

SCROLL FOR NEXT