सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

बनगांव में दिखी राजनीतिक सौजन्य की मिसाल

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बनगांव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार अपने चरम पर है। जहां एक ओर राजनीतिक दल एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं, वहीं शनिवार को बनगांव में राजनीति से इतर एक मानवीय और सौजन्यपूर्ण तस्वीर देखने को मिली। बनगांव उत्तर केंद्र से तृणमूल के उम्मीदवार विश्वजीत दास ने अपना चुनाव प्रचार बीच में ही रोक दिया ताकि वह अस्पताल में भर्ती अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार अशोक कीर्तनिया का हालचाल जान सकें। मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा उम्मीदवार अशोक कीर्तनिया पिछले कुछ दिनों से बुखार, सर्दी और खांसी से पीड़ित थे। शुक्रवार की रात चुनाव प्रचार से लौटने के बाद तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें बनगांव महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बीमार भाजपा उम्मीदवार का हाल जानने अस्पताल पहुंचे टीएमसी प्रत्याशी

शनिवार की सुबह जब टीएमसी उम्मीदवार विश्वजीत दास प्रचार के लिए निकले थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि उनके प्रतिद्वंद्वी अस्पताल में भर्ती हैं। यह सुनते ही उन्होंने अपना प्रचार कार्यक्रम स्थगित किया और सीधे अस्पताल पहुंच गए। विश्वजीत दास ने अस्पताल के हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) में जाकर अशोक कीर्तनिया से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अस्पताल से बाहर निकलने के बाद उन्होंने कहा, "यह केवल एक राजनीतिक सौजन्य है। राजनीति अपनी जगह है और मानवता अपनी जगह। चुनावी मैदान में हम प्रतिद्वंद्वी हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर हम सभी इंसान हैं।" दूसरी ओर, भाजपा नेतृत्व ने इस कदम को सौजन्य तो माना, लेकिन साथ ही सचेत भी किया। भाजपा नेता दीप्तेंदु विकास वैरागी ने कहा कि विश्वजीत दास मिलने आए हैं, यह अच्छी बात है, लेकिन यदि इसके पीछे कोई राजनीतिक मंशा है, तो वह सफल नहीं होगी क्योंकि बनगांव की जनता अपना फैसला कर चुकी है। अस्पताल सुपर ने बताया कि भाजपा उम्मीदवार की स्थिति अब पहले से बेहतर है।

SCROLL FOR NEXT