टॉप न्यूज़

कुल्टी में सीआईएसएफ जवान पर पोक्सो मामला दर्ज

नाबालिगों से छेड़छाड़ के आरोप, अभियुक्त गिरफ्तार

सन्मार्ग संवाददाता

कुल्टी : कुल्टी पुलिस ने सीआईएसएफ के जवान रमाकांत विश्वकर्मा के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामला दर्ज किया है। आरोप है कि अभियुक्त ने लगभग 10 वर्ष की नाबालिग बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को ईसीएल शीतलपुर मुख्यालय से गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में अभियुक्त पुलिस हिरासत में है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया विधि सम्मत तरीके से जारी है।

इधर, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने भी इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है। संस्था ने मामले का संज्ञान लेते हुए बिना विलंब विभागीय कार्रवाई शुरू की। गत रात ही आंतरिक जांच के आधार पर आरोपी जवान को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। सीआईएसएफ ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि बल अनुशासन, ईमानदारी और पेशेवर आचरण के उच्चतम मानकों का पालन करता है। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ किसी भी प्रकार के अपराध या नैतिक पतन से जुड़े मामलों में ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति अपनाई जाती है। घटना ने स्थानीय क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे और दोषी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।


SCROLL FOR NEXT