प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘संविधान दिवस’ पर विपक्ष को घेर 
टॉप न्यूज़

OBC से आरक्षण छीन मुसलमानों को देना चाहती है सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी : मोदी

संविधान दिवस पर कांग्रेस पर बरसे PM

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘संविधान दिवस’ (26 नवंबर) के मौके पर कांग्रेस पर परोक्ष निशाना साधते हुए दावा किया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है।

पर निशाने पर कांग्रेस ही थी..

प्रधानमंत्री ने हालांकि किसी पार्टी का नाम नहीं लिया लेकिन उनका निशाना कांग्रेस की तरफ ही था। उन्होंने अपने लेख में दावा किया कि बाबासाहेब अंबेडकर इसके सख्त खिलाफ थे। गौरतलब है कि मौजूदा व्यवस्था के तहत केंद्र सरकार की नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में अन्य पिछड़ा वर्ग यानी OBC के लिए 27 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है। इस लेख में उन्होंने कई अन्य मुद्दों पर भी विपक्ष को घेरा। मोदी ने यह लेख अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित किया है। उन्होंने इसमें देशवासियों को संविधान की अहमियत बताते हुए भाजपा सरकार द्वारा किये गये संविधान संशोधनों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे इनसे लोगों की जिंदगी में बड़े बदलाव आये। इस दौरान उन्होंने GST और EWS के लिए 10 फीसदी आरक्षण के लिए किये गये संशोधनों का जिक्र किया।

महिला आरक्षण पर भी बोला हमला

मोदी ने महिलाओं के आरक्षण वाले मामले पर भी विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान की यात्रा उन असाधारण महिलाओं के स्मरण के बिना भी अधूरी है, जिन्होंने इसे आकार देने में अहम भूमिका निभायी। लेकिन इस साल के शुरू में जो हुआ, उसने हम सभी को शर्मसार कर दिया। नारीशक्ति को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाये गये विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया। मोदी ने देश की नारीशक्ति को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के हमारे संकल्प को दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती।

विपक्ष बन गया ‘बाधक’

प्रधानमंत्री ने कहा कि सांविधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका स्पष्ट रूप से तय है। लेकिन आज विपक्ष अवरोध पक्ष बन गया है। विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी आज विरोध पक्ष से ज्यादा अवरोध पक्ष बनती जा रही है। उसे समझना चाहिए कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना, अपनी सांविधानिक जिम्मेदारियां निभाने का विकल्प कभी नहीं हो सकता।

दिमागी नक्सल आज भी बचे हैं

मोदी ने नक्सलवाद का जिक्र करते हुए कहा कि दशकों तक देश के अनेक हिस्सों में, खासकर आदिवासी क्षेत्रों में, नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब व्यक्ति को उन अधिकारों से वंचित रखा, जो हमारे संविधान ने उसे दिये हैं। इस वर्ष नक्सलवाद के खात्मे से मुझे विशेष संतोष मिला है। अब गरीब से गरीब व्यक्ति भी बिना किसी भय के अपने सांविधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर सकता है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि हथियारी नक्सली समाप्त होने के बाद अब केवल दिमागी नक्सली बचे हैं। वे आज के दौर की हकीकत से कोसों दूर हैं और देश की विकास यात्रा को पटरी से उतारने की कोशिशों में लगातार जुटे हैं।

SCROLL FOR NEXT