नयी दिल्ली के हैदराबाद हाउस में हुई मोदी-बालेन शाह द्विपक्षीय बैठक 
टॉप न्यूज़

नेपाल के बिना हमारे धाम भी अधूरे, राम भी अधूरे : मोदी

मोदी-बालेन ने जतायी भारत-नेपाल आपसी सहयोग पर सहमति, भारत का नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज का ऐलान

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम और राम दोनों अधूरे हैं। उन्होंने नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का पैकेज ऐलान किया। इसके साथ ही नेपाल में IIT बनाने की घोषणा की है। दोनों नेताओं ने नेपाल में भारत की सहायता से शुरू की गयी कई परियोजनाओं की डिजिटल माध्यम से आधारशिला रखी और उत्तर प्रदेश के अयोध्या एवं नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीमा पार यात्री रेल सेवा को हरी झंडी दिखायी।

भारत-नेपाल के बीच कई अहम फैसले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के पहले औपचारिक दौरे पर नयी दिल्ली पहुंचे नेपाली प्रधानमंत्री बालेन (बालेंद्र) शाह के बीच हैदराबाद हाउस में बैठक हुई। भारत-नेपाल के बीच रिश्तों को और मजबूत करने के लिए इस दौरान कई अहम फैसले हुए। दोनों देशों ने अंतरिक्ष तकनीक, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और शहरी विकास समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। बैठक के बाद भारत और नेपाल के बीच कुल 8 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर दस्तखत किये गये।

नेपाल के लिए विशेष विकास पैकेज

मोदी ने कहा कि भारत समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में हमेशा सहभागी रहा है। हमारी खुशिया भी साझी हैं और चुनौतियां भी साझी हैं। नेपाल में बाढ़ में हुई जनहानि के लिए हम संवेदना व्यक्त करते हैं। हम 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये (करीब 14,993 करोड़ भारतीय रुपये) के विकास पैकेज की घोषणा करते हैं। हमारा संकल्प है कि बाढ़ में प्रभावित परिवारों का जीवन पटरी पर लौटे और नये अवसर पैदा हों।

आस्था और सांस्कृतिक संबंधों का साझा इतिहास

मोदी कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था और संस्कृति ‘जनता से जनता’ के बीच जुड़ने वाले धागे से बनी है। भगवान राम और माता सीता हमारी साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं। मैंने 2018 में जनकपुर की पावन धरती पर कहा था कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं। वर्ष 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इसके बाद नेपाल सहित देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं।

अयोध्या से जनकपुर तक चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस

मोदी ने कहा कि आज शुरू की गयी ट्रेन सेवा ‘सरयू कमला एक्सप्रेस’ से हम नये रिश्तों को आयाम दे रहे हैं। यह ट्रेन अयोध्या से जनकपुर तक करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। हम लुंबिनी और बोधगया सहित दोनों स्थलों की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए भी काम करेंगे। हमने उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचुला मार्ग का उद्घाटन किया है। हम बिहार, उत्तर प्रदेश और नेपाल के बीच बॉर्डर कनेक्टिविटी को बढ़ायेंगे।

नेपाल में बनेगा IIT

मोदी ने कहा कि हम नेपाल में स्टार्टअब इन्क्यूबेटर, इनोवेशन हब और IIT खोलेंगे। हम नेपाली छात्रों के लिए भारत में कानून और तकनीकी पढ़ाई में स्कॉलरशिप के अवसर बढ़ायेंगे और फूड प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन को बढ़ावा देने के लिए हम नेपाल में एग्रो इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी सहयोग करेंगे।

बालेन ने जताया भारत का आभार

बालेन शाह ने कहा कि मुसीबत के समय सबसे पहले भारत ही आगे आया और इसलिए हम उसका आभार जताते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे संबंध पहले से भी मजबूत रहे हैं। हालांकि अब भारत और विकास के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है। इससे हमारे भी देश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

SCROLL FOR NEXT