प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों को नई दिशा देने का संदेश दिया। उन्होंने न्यूजीलैंड की माओरी संस्कृति के प्रसिद्ध शब्द 'Waka' का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और न्यूजीलैंड अब एक नई साझा यात्रा पर निकलने के लिए तैयार हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'Waka' केवल एक नाव नहीं, बल्कि साझा यात्रा, विश्वास और लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के रिश्ते मित्रता, साझा मूल्यों और दोनों देशों के लोगों के कल्याण के प्रति समान प्रतिबद्धता पर आधारित हैं।
उन्होंने कहा,"भारत-न्यूजीलैंड का रिश्ता खूबसूरत यादों, स्थायी मित्रता, साझा मूल्यों और साझा संकल्प पर टिका है। आज भारत-न्यूजीलैंड की 'Waka' एक नई यात्रा शुरू करने के लिए तैयार है।"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हमेशा दूसरे देशों से सीखने के लिए तैयार रहता है। उनके मुताबिक, किसी देश की आबादी का आकार महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि उसके नागरिकों के कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता सबसे अधिक मायने रखती है।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड में बसे भारतीय समुदाय की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ऑकलैंड से लेकर वेलिंगटन, क्राइस्टचर्च और क्वीनस्टाउन तक फैला भारतीय समुदाय दोनों देशों के रिश्तों की मजबूत कड़ी है।
उन्होंने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, उनकी सरकार के सदस्यों और लेबर पार्टी के नेताओं का भी आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों का समर्थन मिलना इस साझेदारी की मजबूती और न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के लोगों के योगदान का प्रमाण है।