टॉप न्यूज़

प्रधानमंत्री मोदी ने गोवा में भगवान राम की 77 फुट ऊंची प्रतिमा का किया अनावरण

प्रधानमंत्री मोदी ने दक्षिण गोवा के पर्तगाली स्थित मठ के मंदिर का भी दौरा किया।

Narendra Kumar Singh

पणजीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ के 550 वर्ष पूरा होने पर आयोजित समारोहों के तहत गोवा में भगवान राम की 77 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। मोदी ने दक्षिण गोवा के पर्तगाली स्थित मठ के मंदिर का भी दौरा किया।

यह मठ भारत के सबसे पुराने मठों में से एक है, जो अपने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान के लिए जाना जाता है और इसका सारस्वत समुदाय में प्रमुख स्थान है। गोवा के लोक निर्माण विभाग मंत्री दिगंबर कामत ने बताया कि गुजरात में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ (सरदार पटेल की प्रतिमा) का डिजाइन तैयार करने वाले मूर्तिकार राम सुतार ने भगवान राम की यह प्रतिमा बनाई है। उन्होंने कहा कि विश्व में भगवान राम की यह सबसे ऊंची प्रतिमा है। गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।

550 करोड़ रुपए का राम नाम जप अभियान

गोवा में लगी भगवान श्रीराम की प्रतिमा को नोएडा के प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार के मार्गदर्शन में बनाया गया। इससे पहले राम सुतार ने गुजरात में बनी भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा को डिजाइन किया था। अब उन्होंने गोवा की राम मूर्ति को डिजाइन किया है। राम भगवान की मूर्ति के अलावा, एक रामायण थीम पार्क और राम संग्रहालय का निर्माण भी किया जा रहा है।

गोकर्ण पर्तगाली मठ का 550वां साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 550 करोड़ रुपए का राम नाम जप अभियान और भजनी सप्ताह का कार्यक्रम चलाया जा रहा है जोकि 24 नवंबर से शुरू हो चुका है और 31 दिसंबर तक चलेगा। इसके अलावा 11 दिन का उत्सव भी मठ में मनाया जाएगा, जहां भजन कीर्तन और खास पूजा-पाठ का आयोजन होगा।

SCROLL FOR NEXT