फाइल फोटो  
टॉप न्यूज़

आरजी कर कांड के बाद पहली होगी पीएम से 'अभया' की मां की मुलाकात

पानीहाटी में करेंगे चुनाव प्रचार !

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

पानीहाटी : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच आरजी कर कांड का मुद्दा एक बार फिर केंद्र में आ गया है। इस बार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस भावुक मुद्दे की कमान थामते नजर आएंगे। पानीहाटी विधानसभा केंद्र से भाजपा उम्मीदवार और आरजी कर की पीड़िता 'अभया' की मां, रत्ना देवनाथ के समर्थन में पीएम मोदी अगले सप्ताह एक विशाल जनसभा या रोड शो कर सकते हैं।

पहली बार पीड़िता के परिवार से मिलेंगे प्रधानमंत्री

अगस्त 2024 में आरजी कर अस्पताल में हुई दर्दनाक घटना के बाद यह पहला मौका होगा जब प्रधानमंत्री मोदी पीड़िता के परिवार से सीधे मुलाकात करेंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, सब कुछ ठीक रहा तो 24 अप्रैल को पीएम मोदी पानीहाटी में प्रचार करेंगे। चर्चा यह भी है कि वे समय मिलने पर पीड़िता के घर भी जा सकते हैं। इस कार्यक्रम को लेकर बंगाल भाजपा के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है, क्योंकि इसे चुनावी राजनीति के साथ-साथ एक बड़े भावनात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

पानीहाटी की जंग और भाजपा का दांव

तृणमूल कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाने के लिए भाजपा ने अभया की मां को चुनावी मैदान में उतारा है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री के इस दौरे से पानीहाटी ही नहीं, बल्कि आसपास के कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को बड़ा चुनावी लाभ मिल सकता है। रत्ना देवनाथ के समर्थन में होने वाली इस सभा में आसपास के अन्य भाजपा उम्मीदवारों के भी उपस्थित रहने की संभावना है। हालांकि, प्रधानमंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम अभी अंतिम रूप से तय होना बाकी है, लेकिन राज्य नेतृत्व ने इसकी तैयारियां जोरों से शुरू कर दी हैं।

SCROLL FOR NEXT