वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप से हुई तबाही पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वेनेजुएला सरकार और वहां के लोगों के प्रति संवेदना जताई।
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, "भारत की ओर से मैं वेनेजुएला सरकार और वहां के लोगों, विशेषकर उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं और इस कठिन समय में सभी प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।"
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बताया कि भूकंप के कारण कम से कम 32 लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 700 लोग घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि ला गुएरा शहर में कई इमारतें ढह गई हैं और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। रोड्रिगेज ने इस घटना को "एक त्रासदी" बताया और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति ने भारत के समर्थन के लिए आभार जताया।
उन्होंने एक्स पर लिखा कि वे प्रधानमंत्री मोदी की उन टिप्पणियों का स्वागत करती हैं, जिनमें उन्होंने भूकंप से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राहत प्रयासों में भारत की ओर से सहयोग की इच्छा जताई।
भूकंप के बाद वेनेजुएला में राहत और पुनर्वास कार्य जारी हैं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित इलाकों में लोगों को सहायता पहुंचाने में जुटा हुआ है।