टॉप न्यूज़

हल्दिया रैली में पीएम मोदी का TMC पर हमला, बंगाल के लिए 6 गारंटी का वादा

भाजपा सरकार बनने पर भय का शासन खत्म कर भरोसे और विकास का माहौल लाने का दावा

हल्दिया : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के हल्दिया में आयोजित रैली में तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए राज्य की जनता से बदलाव की अपील की और भाजपा की सरकार बनने पर छह गारंटी देने का वादा किया।

पूर्वी मेदिनीपुर के हल्दिया में रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार को ‘‘निर्मम सरकार’’ बताते हुए कहा कि यह सरकार बंगाल को विकास की राह में पीछे धकेल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर भय का माहौल खत्म कर भरोसे का शासन स्थापित किया जाएगा और लोक सेवकों को जनता के प्रति जवाबदेह बनाया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश तभी आएगा जब भरोसे का माहौल बनेगा और भाजपा बंगाल में यही वातावरण तैयार करेगी। उन्होंने मछली उत्पादन के मुद्दे पर तृणमूल सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि अधिक मांग के बावजूद बंगाल को अन्य राज्यों से मछली आयात करनी पड़ रही है, जबकि भाजपा राज्य को मत्स्य पालन और समुद्री खाद्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगी।

मोदी ने अपनी छह गारंटियों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़ी फाइलें फिर से खोली जाएंगी और भ्रष्टाचार में शामिल नेताओं पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कानूनी रूप से शरण लेने वालों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा, जबकि घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने राज्य के कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए सातवें वेतन आयोग को लागू करने का भी वादा किया। खराब मौसम के कारण रैली में देरी से पहुंचने पर मोदी ने लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि भारी भीड़ बंगाल में बदलाव की इच्छा को दिखाती है।

प्रधानमंत्री ने नंदीग्राम और पूर्वी मेदिनीपुर में भाजपा के पिछले प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल की जनता अब सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार है और राज्य में डबल इंजन सरकार बनने से विकास को गति मिलेगी।

SCROLL FOR NEXT