सांकेतिक तस्वीर 
टॉप न्यूज़

पीजी संचालक की जमानत याचिका खारिज

सत्य निकेतन इमारत मामला : 7 लोगों की मौत के मामले में आरोपी को राहत देने से इनकार

Kamlesh Pandey

7 लोगों की मौत के मामले में अदालत सख्त

नयी दिल्ली : दिल्ली की एक अदालत ने सत्य निकेतन में 6 सितंबर को हुए इमारत हादसे के मामले में गिरफ्तार पेइंग गेस्ट (पीजी) संचालक शुभम त्यागी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। इस दर्दनाक हादसे में 5 छात्रों और 2 मजदूरों समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई थी।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धीरेंद्र राणा ने सोमवार को पारित आदेश में कहा कि आरोपी को जमानत देने का कोई आधार नहीं है। अदालत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा, ‘7 बहुमूल्य जिंदगियों के नुकसान के लिए जिम्मेदार अभियुक्त विवेकाधीन राहत पाने के हकदार नहीं हैं। अदालतों को ऐसी घटनाओं से सख्ती से निपटना होगा।’

निर्माण के दौरान इमारत खाली कराना था संचालक का कर्तव्य

अदालत ने कहा कि शुभम त्यागी विधि पेशेवर है और उससे कानून एवं नियमों की जानकारी होने की अपेक्षा की जाती है। भले ही अवैध निर्माण कार्य उसके नियंत्रण में नहीं था या उसके निर्देश पर नहीं हो रहा था, लेकिन निर्माण के दौरान इमारत को खाली कराना उसकी जिम्मेदारी थी।

अदालत ने आरोपी की इस दलील को भी खारिज कर दिया कि हादसे में उसकी कोई भूमिका नहीं थी। न्यायाधीश ने कहा कि प्रथम दृष्टया आरोपी छात्रों के लिए पीजी आवास चला रहा था। ऐसे में वह अवैध निर्माण गतिविधियों से पैदा होने वाले खतरे का आसानी से अंदाजा लगा सकता था।

आर्थिक हितों को दी छात्रों की सुरक्षा से ज्यादा अहमियत

अदालत ने टिप्पणी की कि आरोपी ने निर्दोष छात्रों और मजदूरों के जीवन एवं सुरक्षा से अधिक अपने आर्थिक हितों को प्राथमिकता दी। अदालत के मुताबिक, निर्माण कार्य के दौरान संभावित खतरे को देखते हुए जरूरी सावधानियां बरतना उसकी जिम्मेदारी थी।

गवाहों को प्रभावित करने की जताई आशंका

अदालत ने कहा कि मामले में मुकदमा अभी शुरुआती चरण में है और कई स्वतंत्र गवाहों के बयान दर्ज किए जाने बाकी हैं। ऐसे में आरोपी को जमानत पर रिहा करने से गवाहों को धमकाने या प्रभावित करने की आशंका है।

गौरतलब है कि हादसे के बाद शुभम त्यागी फरार हो गया था। हालांकि, 11 सितंबर को उसने पटियाला हाउस अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने पीजी आवासों, उनसे जुड़े पट्टा समझौतों और इमारत में चल रहे निर्माण कार्य के संबंध में पूछताछ के लिए उसे पुलिस हिरासत में भेजा था। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है।

638 पन्नों की चार्जशीट में 6 लोगों को बनाया गया आरोपी

इस महीने की शुरुआत में दिल्ली पुलिस ने मामले में 638 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया था। इसमें इमारत के मालिक हरिराम गुप्ता, उनकी पत्नी उर्मिला गुप्ता, बेटे महेश गुप्ता, श्रमिक ठेकेदार सनोज कुमार और पीजी संचालकों सुधांशु लवनीश कुमार तथा शुभम त्यागी को आरोपी बनाया गया है।

SCROLL FOR NEXT