सुप्रीम कोर्ट 
टॉप न्यूज़

बरी किए गये 22 के खिलाफ याचिका पर होगा विचार

सोहराबुद्दीन शेख मुठभेड़ मामला

Kamlesh Pandey

नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने गैंगस्टर सोहराबुद्दीन शेख, उसकी पत्नी कौसर बी और उसके सहयोगी तुलसीराम प्रजापति से जुड़े 2005 के कथित फर्जी मुठभेड़ मामले में 21 पुलिसकर्मियों समेत 22 आरोपितों को बरी किए जाने के बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर विचार करने को लेकर सोमवार को सहमति जताई।

नयाबुद्दीन शेख की याचिका पर नोटिस जारी

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत तथा न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना के पीठ ने सोहराबुद्दीन शेख के भाई नयाबुद्दीन शेख की याचिका पर नोटिस जारी किया। याचिका में बॉम्बे हाई कोर्ट के 7 मई के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें आरोपितों को बरी किए जाने के फैसले को बरकरार रखा गया था। पीठ ने संकेत दिया कि वह आरोपितों को बरी किए जाने से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण गवाहों के बयानों की समीक्षा करेगी। प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘हम कुछ गवाहों के बयान देखना चाहेंगे। हम मामले का पूरा रिकॉर्ड नहीं मंगा रहे हैं। आप ऐसे तीन-चार बयान हमारे समक्ष रखें जिन्हें आप महत्वपूर्ण मानते हैं। हम आरोपितों को बरी किए जाने के फैसले की जांच करेंगे।’

92 गवाहों का अपने बयान से मुकर जाना चिंता का विषय

न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि अभियोजन पक्ष के 92 गवाहों का अपने बयान से मुकर जाना चिंता का विषय है और इस पहलू पर विचार करना होगा कि मुकदमे की सुनवाई निष्पक्ष और न्यायसंगत थी या नहीं। याचिका में बॉम्बे हाई कोर्ट के 7 मई के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें रुबाबुद्दीन और नयाबुद्दीन शेख की याचिकाओं को खारिज कर दिया गया था। इन याचिकाओं में सभी 22 आरोपितों को बरी करने के मुंबई की CBI की विशेष अदालत के दिसंबर 2018 के फैसले को चुनौती दी गई थी। मामले में बरी किए गए 22 आरोपितों में से 21 गुजरात और राजस्थान के पुलिस अधिकारी थे। एक अन्य अभियुक्त गुजरात स्थित उस फार्महाउस का मालिक था जहां अभियोजन पक्ष के अनुसार, सोहराबुद्दीन और कौसर बी को ‘अवैध रूप से हिरासत में’ रखा गया था।

अलग-अलग मुठभेड़ में तीनों के मारे जाने का आरोप

अभियोजन पक्ष के अनुसार, सोहराबुद्दीन, उसकी पत्नी और प्रजापति हैदराबाद से महाराष्ट्र के सांगली बस से जा रहे थे, तभी 22-23 नवंबर 2005 की रात पुलिस के एक दल ने उन्हें कथित तौर पर हिरासत में ले लिया। आरोप है कि दंपति और प्रजापति को अलग-अलग वाहनों में ले जाया गया। CBI के अनुसार, सोहराबुद्दीन 26 नवंबर 2005 को अहमदाबाद के पास गुजरात और राजस्थान पुलिस के कर्मियों के साथ एक कथित मुठभेड़ में मारा गया। कौसर बी की तीन दिन बाद कथित तौर पर हत्या कर दी गई। उदयपुर केंद्रीय जेल में बंद प्रजापति को कथित मुठभेड़ का एक अहम गवाह माना जा रहा था। वह 27 दिसंबर 2006 को गुजरात-राजस्थान सीमा के पास पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।

SCROLL FOR NEXT