टॉप न्यूज़

जनता मुझे तीसरी बार राष्ट्रपति बनाने को बेताब : ट्रंप

2 करोड़ अवैध प्रवासियों को बाहर निकालूंगा : ट्रंप

न्यूयॉर्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के 100 दिन 30 अप्रैल को पूरे होने जा रहे हैं। इसके पूर्व उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा, ‘मैं बहुत ही शानदार काम कर रहा हूं। अमेरिका की जनता मुझे फिर से राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की मांग कर रही है। लोग मुझे तीसरी बार भी अमेरिका का राष्ट्रपति बनाने को बेताब हैं। राष्ट्रपति के रूप में मेरे 100 दिन अमेरिकी इतिहास में सबसे महान दिन रहे। हमने कई कानून बदले। टैरिफ से होने वाले नुकसान को रोका। छंटनी की। टैरिफ से हुई कमाई से मध्यवर्ग को राहत होगी।’

डोनाल्ड ट्रंप ने साक्षात्कार में आगे कहा, ‘ राष्ट्रपति के तौर पर अपने पहले कार्यकाल में बॉर्डर पर सैकड़ों मील दीवार बनाई। फिर रोक लग गयी। हम मैक्सिको बॉर्डर पर दीवार बना कर रहेंगे। बॉर्डर सुरक्षित कर ड्रग्स संकट से निकलेंगे। साथ ही देश से 2 करोड़ अवैध प्रवासियों को खदेड़ कर रहेंगे।

ट्रंप के इंटरव्यू की प्रमुख बातें

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘अमेरिका को फिर से महान बनाने के लिए क्रांतिकारी बदलाव होंगे। इसमें आर्थिक सुधार, ऊर्जा नीति व विदेशी मामलों में अमेरिका फर्स्ट नीति को और विस्तार से लागू करना शामिल हैं। मेरी नीतियां जनता के कल्याण के लिए हैं।’ राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ‘मैं शक्तियों का विस्तार नहीं कर रहा, बल्कि उनका सही उपयोग कर रहा हूं। मैंने वही किया, जो चुनाव में वादा किया था। सभी काम कानून के अंतर्गत दी गयी शक्तियों के अनुसार कर रहा हूं। किसी संस्था को कमजोर नहीं कर रहा। आज किराने का सामान सस्ता है, ऊर्जा की कीमतें घटी हैं। सिर्फ ब्याज दरें स्थिर हैं। हम जल्द ही दुनिया के सबसे धनी देश होंगे। महंगाई बढ़ने के आरोप गलत है। मेरी सरकार द्वारा उठाए गए कदम के फायदे आगे और देखने को मिलेंगे।’ यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप ने कहा, ‘मैंने यह बात बढ़ा-चढ़ाकर कही थी।

युद्ध 3 साल से चल रहा। मैं 3 महीने पहले आया। यह जो बाइडेन का युद्ध है। मैं रहता तो युद्ध नहीं होता। पुतिन-जेलेंस्की से बात कर रहा हूं। जल्द समझौता होगा।’ सरकारी खर्च पर उन्होंने कहा, ‘डीप स्टेट खत्म होगा। सरकारी खर्च-नौकरशाही को कम करने पर हम केंद्रित है। अरबों डॉलर की बर्बादी, धोखाधड़ी और दुरुपयोग को रोका गया हैं। हम चाहते हैं कि सरकारी पैसा सही लोगों को मिले।’ ट्रंप ने कहा, ‘सार्वजनिक शिक्षा के बजाय निजी स्कूलों में वाउचर सिस्टम लागू होंगे। इससे अभिभावकों को बच्चों के स्कूल चुनने की आजादी मिलेगी। साथ ही ओबामा केयर बंद होगा। इससे दवाएं व हेल्थ सर्विस सस्ते होंगे।’ उन्होंने कहा, ‘हमारी विदेश नीति ‘शांति के लिए ताकत’ के सिद्धांत पर आधारित है। अमेरिका फर्स्ट नीति का और विस्तार होगा। अमेरिका को युद्ध से दूर रखा जाएगा। नाटो और संयुक्त राष्ट्र जैसे संगठनों में योगदान को और कम किया जाएगा।’

गौरतलब है कि अमेरिका में 2 बार राष्ट्रपति बनने का नियम है। ट्रंप का कार्यकाल 2029 में पूरा होगा। ट्रंप नवंबर में दूसरी बार राष्ट्रपति चुने गए हैं। इससे पहले वह 2017 से 2021 तक राष्ट्रपति रह चुके हैं। अगर ट्रंप तीसरी बार राष्ट्रपति बनने की कोशिश करते हैं तो इसके लिए उन्हें संविधान में संशोधन करना होगा। इसके लिए अमेरिकी संसद और राज्यों से समर्थन की जरूरत होगी।

SCROLL FOR NEXT