निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कांकीनाड़ा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत भाटपारा के विधायक पवन कुमार सिंह ने काकीनाडा जूट मिल एफ.पी. स्कूल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के छोटे बच्चों को कॉपी, पेन और चॉकलेट जैसी शिक्षा सामग्री वितरित की। इसके साथ ही विधायक ने स्कूल में पेयजल के लिए वाटर प्यूरीफायर मशीन और छात्रों की पढ़ाई के लिए कंप्यूटर भी भेंट किए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक पवन कुमार सिंह ने स्कूल परिसर का निरीक्षण भी किया। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने राज्य की पिछली सरकारों पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जर्जर हालत में पड़े सरकारी स्कूलों के सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में 'डबल इंजन' की सरकार आने पर इस स्कूल की स्थिति में व्यापक सुधार किया जाएगा। इस अवसर पर बीजेपी नेता गोपाल साहू और श्रमिक नेता भरत यादव सहित पार्टी के कई अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।