टॉप न्यूज़

अंडमान हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर पवन हंस का आधिकारिक बयान जारी

कारणों का अभी तक का नहीं हुआ खुलासा

समुद्र में उतरते ही शुरू हुआ बचाव कार्य

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : पवन हंस लिमिटेड (पीएचएल) ने मंगलवार को को मायाबंदर के निकट हुए हेलीकॉप्टर हादसे की घटना को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर आधिकारिक बयान जारी किया है। कंपनी द्वारा मंगलवार को अपराह्न 4:13 बजे साझा किए गए पोस्ट में कहा गया है कि उसका डॉफिन एन3 हेलीकॉप्टर (VT-PHY) सुबह लगभग 8:30 बजे श्री विजयपुरम से निर्धारित यात्री उड़ान के तहत रंगत होते हुए मायाबंदर के लिए रवाना हुआ था। बयान के अनुसार हेलीकॉप्टर ने लगभग 9: 5 बजे रंगत हेलीपैड पर लैंडिंग की और करीब 9:10 बजे पुनः मायाबंदर के लिए उड़ान भरी। पोस्ट में कहा गया है, “हेलीकॉप्टर लगभग 09:30 बजे मायाबंदर हेलीपैड से लगभग 300 मीटर पहले समुद्र में उतर गया। विमान में 2 क्रू सदस्यों सहित कुल 5 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पीएचएल सभी संबंधित एजेंसियों के साथ सक्रिय समन्वय में है।” जैसा कि ‘सनमार्ग’ ने कल रिपोर्ट किया था, हेलीकॉप्टर मायाबंदर हेलीपैड से लगभग 300 मीटर पहले उथले पानी में क्रैश लैंडिंग कर गया था। हालांकि किसी भी प्रकार की मृत्यु की सूचना नहीं है, लेकिन हेलीकॉप्टर हादसे के कारणों का अब तक आधिकारिक रूप से विस्तृत खुलासा नहीं किया गया है। स्थापित विमानन सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो द्वारा विस्तृत जांच किए जाने की संभावना है। अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के लिए अंतर-द्वीपीय हेलीकॉप्टर सेवाएं संचालित करने वाली पवन हंस ने कहा है कि वह इस घटना के संबंध में सभी संबंधित एजेंसियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रही है।


SCROLL FOR NEXT