टॉप न्यूज़

“पापा मुझे बचाओ…” चीखती रही 10 साल की बच्ची, कैब चालक ने बलात्कार के बाद की हत्या

गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड के जंगल से मिला बच्ची का शव, CCTV और GPS की मदद से पुलिस ने पकड़ा आरोपी

नई दिल्ली: फुटपाथ पर सो रही 10 साल की बच्ची को अगवा करने के दौरान उसने आखिरी बार अपने पिता को पुकारा, “बाबा, मुझे बचाओ।” लेकिन पिता की आंखों के सामने ही कैब चालक बच्ची को कार में बैठाकर फरार हो गया। कुछ घंटे बाद बच्ची का शव गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड के पास एक जंगल से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद स्कार्फ से गला घोंटकर हत्या की गई।

पिता ने पीछा किया, लेकिन कार लेकर भाग निकला आरोपी

घटना सोमवार तड़के करीब 5 बजे की बताई जा रही है। बच्ची के पिता ने पुलिस को बताया कि वह फुटपाथ पर परिवार के साथ सो रहे थे। अचानक बच्ची की चीख सुनकर उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि एक सफेद रंग की टैक्सी चालक उनकी बेटी को कार में ले जा रहा है।

पिता ने कार का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चालक तेज रफ्तार से गाड़ी लेकर फरार हो गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस गश्ती वाहन को देखकर पूरी घटना की जानकारी दी।

70 CCTV और GPS की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने शिकायत मिलते ही जांच शुरू की। जांच के दौरान करीब 70 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। कैब के डिजिटल रिकॉर्ड और GPS की मदद से गाड़ी की गतिविधियों का पता लगाया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना से करीब एक घंटे पहले ही फुटपाथ के पास कार खड़ी कर दी थी। सुबह करीब 4 बजे कार वहां पहुंची और लगभग एक घंटे बाद बच्ची को अगवा किया गया।

पुलिस ने नौ टीमें बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की। सात घंटे तक चले अभियान के बाद पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके से आरोपी का पता लगाया गया।

भागने की कोशिश में आरोपी घायल

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना फोन बंद कर दिया था और फरार होने की कोशिश कर रहा था। जब पुलिस उसे पकड़ने पहुंची तो उसने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।

जांच में सामने आया कि बच्ची के अपहरण और हत्या के बाद आरोपी ने कुछ यात्रियों को भी कैब में बैठाकर सफर किया था।

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं पांच मामले

पुलिस ने बताया कि आरोपी बिहार का रहने वाला है। उसकी पत्नी और एक बच्चा है। कैब चालक के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है।

SCROLL FOR NEXT