सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी नगरपालिका इलाके में सड़क निर्माण को लेकर भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। आरजी कर कांड में मृत चिकित्सक की मां और पानीहाटी की भाजपा विधायक रत्ना देवनाथ ने अपनी ही पार्टी के नेता लल्टू दत्त पर ठेकेदार से कथित तौर पर कटमनी लेने और सड़क निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है। मामला नगरपालिका के 29 नंबर वार्ड का है। विधायक के अनुसार, सड़क की चौड़ाई नियमानुसार छह फीट होनी चाहिए थी, लेकिन निर्माण के दौरान इसे घटाकर चार फीट कर दिया गया। साथ ही ढलाई की मोटाई में भी कथित तौर पर मानकों की अनदेखी की गई।
काम रुकवाने के बाद फिर शुरू हुआ निर्माण
निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कुछ दिन पहले विधायक समर्थकों ने काम रुकवा दिया था। इसके बाद जिला अध्यक्ष के करीबी माने जाने वाले लल्टू दत्त मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर उनकी मौजूदगी में काम दोबारा शुरू कराया गया। मंगलवार को रत्ना देवनाथ ने आरोप लगाया कि ठेकेदार से लल्टू दत्त पैसे ले रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अग्निमित्रा पाल ने उन्हें इस मामले में सावधान किया है। विधायक ने कहा कि वह पूरे मामले की जानकारी प्रदेश नेतृत्व को देंगी। इस संबंध में जिला भाजपा अध्यक्ष चंडीचरण राय ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं, लल्टू दत्त ने कहा कि वह पार्टी के सामान्य कार्यकर्ता हैं और अनुमति के बिना मीडिया में बयान नहीं देंगे।
पहले भी सामने आ चुका है विवाद
पानीहाटी में क्लब के मैदान पर कब्जे, आवासन चुनाव में बाइक-बाहिनी के उत्पात और वसूली के आरोपों को लेकर भाजपा पहले भी विवादों में रही है। अब विधायक द्वारा अपनी ही पार्टी के नेता पर कटमनी का आरोप लगाए जाने से स्थानीय संगठन की गुटबाजी फिर उजागर हो गई है।