सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

बशीरहाट में भाजपा पोलिंग एजेंट के घर भेजा गया 'सफेद थान', मतगणना से पहले तनाव

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : पश्चिम बंगाल में मतगणना से ठीक पहले 'सफेद थान' (विधवाओं द्वारा पहना जाने वाला सफेद कपड़ा) भेजने की डरावनी परंपरा फिर से लौट आई है। उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट अंतर्गत हिंगलगंज विधानसभा क्षेत्र में एक भाजपा पोलिंग एजेंट के घर के सामने सफेद कपड़ा मिलने से हड़कंप मच गया है। इस घटना ने चुनाव बाद होने वाली हिंसा की यादों को ताजा कर दिया है, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी दहशत है।

भाजपा कार्यकर्ता के घर मौत का प्रतीक?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिंगलगंज के कालीतला ग्राम पंचायत के बूथ नंबर 243 के भाजपा पोलिंग एजेंट कंकन वैद्य के घर के सामने शनिवार सुबह एक पैकेट मिला। जब उनकी मां ने पैकेट खोला, तो उसके अंदर सफेद थान रखा हुआ था। भाजपा का आरोप है कि मतगणना से पहले उनके एजेंटों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और डराने-धमकाने के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने यह 'मौत का प्रतीक' भेजा है। कंकन के बुजुर्ग माता-पिता इस घटना के बाद से गहरे सदमे में हैं।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और पुलिस जांच

भाजपा नेतृत्व का दावा है कि यह पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी बूथ अध्यक्ष दुलाल चंद्र मंडल और अन्य नेताओं के घर पर सफेद थान के साथ सिंदूर, गुड़हल के फूल और धमकी भरे पत्र भेजे गए थे, जिनमें लिखा था— "अब बोलो हरि हरि बोल कर देंगे"। दूसरी ओर, हिंगलगंज से टीएमसी उम्मीदवार आनंद सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे भाजपा का 'सजाया हुआ नाटक' करार दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

SCROLL FOR NEXT