नैहाटी: पश्चिम बंगाल के नैहाटी में एक बार फिर बम बरामदगी की घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मंगलवार को नैहाटी नगरपालिका के 14 नंबर वार्ड के गौरीपुर इलाके में मिलगेट पानी टंकी के पास एक सुनसान जगह पर लगभग बम मिलने से हड़कंप मच गया। लगभग 10 बम बरामद किये गये। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय जब कुछ लोग उस रास्ते से गुजर रहे थे, तो उनकी नजर झाड़ियों में रखी कुछ संदिग्ध चीजों पर पड़ी, जो गेंद जैसी दिख रही थीं। करीब जाकर देखने पर उन्हें बम होने का संदेह हुआ। उन्होंने बिना देर किए तुरंत नैहाटी थाने की पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों ओर घेराबंदी कर दी। पुलिस ने झाड़ियों की गहन तलाशी ली और वहां से 10 टिफिन बम बरामद किए, जिन्हें बाद में सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया। यह घटना एक घनी आबादी वाले इलाके में हुई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई है। लोगों का कहना है कि किसी भी वजह से अगर ये बम फट जाते, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह से रिहायशी इलाके में बमों का मिलना बेहद खतरनाक है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रात के अंधेरे में इस इलाके में असामाजिक गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिन पर पुलिस को तुरंत लगाम लगाने की जरूरत है।
इस घटना के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। स्थानीय तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने विपक्षी दलों पर, खासकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), पर इलाके में अशांति फैलाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विधानसभा चुनावों से पहले माहौल को खराब करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ये बम किसने और किस मकसद से यहां रखे थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस तरह के और भी बम इलाके में छिपाकर रखे गए हैं। इस घटना ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।