सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

आवास योजना में 'कटमनी' वसूली और अवैध निर्माण का आरोप

जगतबल्लभपुर में पंचायत प्रधान का पति गिरफ्तार

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा जिले के जगतबल्लभपुर थाना अंतर्गत बड़गछिया-2 ग्राम पंचायत की प्रधान शबनम सुल्ताना के पति सानी मल्लिक को पुलिस ने मंगलवार देर रात छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत मकान दिलाने के नाम पर लाभार्थियों से कथित तौर पर अवैध रूप से "कटमनी" वसूलने और जल निकासी नालों पर अवैध निर्माण कराने के गंभीर आरोप हैं।

स्थानीय सूत्रों और पुलिस के अनुसार, सानी मल्लिक अपनी पत्नी के पंचायत प्रधान होने के प्रभाव का इस्तेमाल कर नालों पर अवैध कब्जे व निर्माण की अनुमति देने के बदले भी धन उगाही करता था। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए जगतबल्लभपुर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया और बुधवार को हावड़ा जिला अदालत में पेश किया।

पुलिस ने देर रात छापेमारी कर सानी मल्लिक को किया गिरफ्तार, हावड़ा कोर्ट में पेशी

पुलिस फिलहाल मामले से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस भ्रष्टाचार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। उधर, इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है तथा स्थानीय निवासियों ने सरकारी योजनाओं में हुए इस भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT