टॉप न्यूज़

अटारी-वाघा सीमा मार्ग से स्वदेश लौटने लगे पाकिस्तानी

सरकार द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है

Rohit Singh

चंडीगढ़ : केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने के लिए 48 घंटे का समय दिये जाने के एक दिन बाद इस पड़ोसी देश के कई नागरिक गुरुवार को अटारी-वाघा सीमा मार्ग से स्वदेश लौटने लगे। कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए भीषण आतंकवादी हमले के बाद केंद्र ने पाकिस्तानी सैन्य सलाहकार (अताशे) को निष्कासित करने, 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित करने और अटारी भूमि-पारगमन चौकी को तत्काल बंद करने सहित कई उपायों की बुधवार को घोषणा की। इस हमले में 26 नागरिक मारे गए थे।

गुरुवार सुबह कई पाकिस्तानी परिवार अटारी-वाघा सीमा मार्ग से स्वदेश लौटने के लिए अमृतसर स्थित आईसीपी पहुंचे। कराची के एक परिवार ने कहा कि वे लोग अपने रिश्तेदारों से मिलने दिल्ली गए थे। परिवार के सदस्य शेख फजल अहमद ने कहा कि हम 15 अप्रैल को यहां (भारत) आए थे और आज हम घर लौट रहे हैं, हालांकि हमारे पास 45 दिनों का वीजा था।

पहलगाम हमले पर एक सवाल का जवाब देते हुए अहमद ने कहा कि जिसने भी यह किया है वह पूरी तरह से गलत है। हम दोनों देशों के बीच भाईचारा और दोस्ती चाहते हैं। मंसूर नामक एक अन्य पाकिस्तानी नागरिक ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ 15 अप्रैल को 90 दिन के वीजा पर भारत आया था। मंसूर ने पहलगाम हमले की निंदा करते हुए कहा कि लेकिन हम आज घर लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था।

SCROLL FOR NEXT