टॉप न्यूज़

पाकिस्तानी क्रिकेटर का गुस्सा, बोले—हम ज़िम्बाब्वे को हराकर ही खुश हो जाते हैं!

टी20 विश्व कप जीत के बाद अहमद शहजाद ने भारत के सिस्टम की तारीफ की, पाकिस्तान क्रिकेट पर कसा तंज

भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर 2026 टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर सिमट गई। इस शानदार जीत के बाद क्रिकेट जगत में भारतीय टीम की जमकर तारीफ हो रही है।

इसी बीच पाकिस्तान के अनुभवी क्रिकेटर अहमद शहजाद ने भी भारतीय टीम की खुलकर प्रशंसा की और अपने देश की क्रिकेट व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन समस्या सिस्टम में है।

एक पाकिस्तानी शो में बात करते हुए शहजाद ने कहा कि भारत की ताकत उसका मजबूत क्रिकेट ढांचा है। उनके मुताबिक भारत में प्रतिभा और बेहतर सिस्टम दोनों मौजूद हैं, जिसकी वजह से लगातार अच्छे खिलाड़ी सामने आ रहे हैं।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी, जिन्हें पहले ज्यादा मौके नहीं मिलते थे, इस विश्व कप में मैच विनर बनकर उभरे। सैमसन को तो टूर्नामेंट का ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी चुना गया। शहजाद ने कहा कि ईशान किशन ने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर टीम में वापसी की और अपनी उपयोगिता साबित की।

उन्होंने फाइनल में अभिषेक शर्मा की पारी का भी जिक्र किया, जिन्होंने दबाव के बावजूद सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

अहमद शहजाद ने पाकिस्तान टीम पर तंज कसते हुए कहा कि वहां अक्सर जिम्बाब्वे, युगांडा या केन्या जैसी टीमों के खिलाफ जीत को बड़ी उपलब्धि मान लिया जाता है, जबकि भारत बड़ी टीमों के खिलाफ लगातार बड़ी सीरीज और बड़े मुकाबले खेलता है। उनके मुताबिक यही अंतर दोनों देशों की क्रिकेट व्यवस्था को अलग बनाता है।

SCROLL FOR NEXT