टॉप न्यूज़

पाकिस्तानी सेना ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, LOC पर कि गोलीबारी

स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है - लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल

नई दिल्ली - अब तक पाकिस्तान केवल आतंकियों को भारत में घुसपैठ कराने की कोशिश करता था, लेकिन अब उसके सैनिक भी LOC पार करने लगे हैं। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सीमा में घुसपैठ कर जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LOC) पर गोलीबारी करते हुए संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। सेना के प्रवक्ता ने बुधवार को इस घटना की जानकारी दी। यह घटना मंगलवार दोपहर 1:10 बजे हुई, जिसके बाद भारतीय सैनिकों ने संयमित और संतुलित तरीके से जवाबी कार्रवाई की।

सेना के जनसंपर्क अधिकारी ने दिया बयान

भारतीय सेना ने पाकिस्तान की ओर हुए किसी हताहत का आधिकारिक रूप से उल्लेख नहीं किया। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, विस्फोट और उसके बाद हुई गोलीबारी में पाकिस्तानी सेना के पांच जवान घायल हो गए। जम्मू में तैनात सेना के जनसंपर्क अधिकारी, लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने अपने एक बयान में बताया कि, "1 अप्रैल को LOC पर पाकिस्तानी सेना की घुसपैठ के बाद कृष्णा घाटी सेक्टर में एक बारूदी सुरंग में विस्फोट हुआ। यह धमाका पाकिस्तानी सैनिकों की घुसपैठ के कारण हुआ था।"

स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है - लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल

लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने आगे बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे संघर्ष विराम का उल्लंघन हुआ। भारतीय सैनिकों ने संयमित और संतुलित तरीके से जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सेना इस पर लगातार नजर बनाए हुए है।

SCROLL FOR NEXT