टॉप न्यूज़

US-Iran युद्ध रोकने चला था पाक, ऐसा फंसा कि...

अमेरिका-ईरान तनाव पर पाकिस्तान-सऊदी की चिंता, युद्ध रोकने के लिए बातचीत पर दिया जोर

Bishakhaa Tiwari

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान और सऊदी अरब ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को लेकर गहरी चिंता जताई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान के बीच शनिवार को फोन पर बातचीत हुई, जिसमें अमेरिका और ईरान के बीच हालिया टकराव तथा क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की गई।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने माना कि संघर्ष का दोबारा बढ़ना किसी के हित में नहीं है और इससे क्षेत्र में शांति बहाल करने के प्रयास कमजोर पड़ सकते हैं। दोनों देशों ने तनाव कम करने और कूटनीतिक संवाद को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

इससे एक दिन पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान और कतर के नेताओं से अलग-अलग बातचीत कर बंद पड़ी शांति वार्ता को फिर से शुरू करने के प्रयास किए थे। अधिकारियों के मुताबिक, हालिया घटनाक्रम के बाद बातचीत की प्रक्रिया दोबारा शुरू कराने के लिए लगातार संपर्क बनाए जा रहे हैं।

सऊदी विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान ने क्षेत्र में जारी कूटनीतिक प्रयासों पर अपने देश का पक्ष रखते हुए संवाद और तनाव कम करने की आवश्यकता दोहराई। वहीं इशाक डार ने कहा कि सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए और मध्यस्थता के प्रयासों को सफल होने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए।

इसी दौरान इशाक डार ने मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम आदम से भी फोन पर बातचीत कर उन्हें मालदीव के आगामी 61वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

SCROLL FOR NEXT