एयर स्ट्राइक के बाद उठता धुआं। 
टॉप न्यूज़

पाकिस्तान के हवाई हमले में 4 लोगों की मौत

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने शुक्रवार सुबह पाकिस्तान की सेना पर काबुल और दक्षिणी प्रांत कंधार में रात भर जारी रहे हवाई हमलों में नागरिकों के घरों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।

Narendra Kumar Singh

काबुलः अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने शुक्रवार सुबह पाकिस्तान की सेना पर काबुल और दक्षिणी प्रांत कंधार में रात भर जारी रहे हवाई हमलों में नागरिकों के घरों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। तालिबान सरकार ने कहा कि हमले में कम से कम चार आम नागरिक मारे गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयम बरतने की अपील के बावजूद दोनों पड़ोसी देशों के बीच लड़ाई का यह तीसरा सप्ताह है। सरकारी प्रवक्ता जबिहुल्ला मुजाहिद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि पाकिस्तान के विमान ने कंधार हवाई अड्डे के पास स्थित निजी एयरलाइन ‘काम एयर’ से संबंधित ईंधन डिपो (ईंधन भंडार केंद्र) पर भी हमला किया। उन्होंने कहा, ‘‘यह कंपनी नागरिक विमानों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के विमान को ईंधन की आपूर्ति करती है।’’ पाकिस्तान की सेना या सरकार की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई।

फरवरी के आखिर से ही पाकिस्तान और अफगानिस्तान एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। अफगानिस्तान ने कहा था कि उसने सीमा पर पाकिस्तानी हमलों के जवाब में पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाकर हमले किए थे। पाकिस्तान की सेना का कहना है कि उसके अभियानों में सीमा पर मौजूद पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) और उनके समर्थक नेटवर्क को निशाना बनाया गया था। पाकिस्तानी तालिबान और उनके समर्थक नेटवर्क को अफगानिस्तान ने कभी औपचारिक रूप से मान्यता नहीं दी है।

दोनों पक्षों ने भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है जो वर्षों में उनकी सबसे घातक लड़ाई बन गई है और पाकिस्तान इसे अफगानिस्तान के साथ ‘‘खुला युद्ध’’ बता रहा है। ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में मुजाहिद ने दावा किया कि पाकिस्तानी हमलों में अफगानिस्तान के पक्तिया और पक्तिका प्रांतों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में कई नागरिक स्थलों और निर्जन स्थानों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि इन हमलों का जवाब जरूर दिया जाएगा।

काबुल पुलिस के प्रवक्ता खालिद जादरान ने बताया कि काबुल में बच्चों समेत कम से कम चार नागरिक मारे गए और 15 अन्य घायल हो गए। पूरे अफगानिस्तान में हताहतों की कुल संख्या स्पष्ट नहीं है। पाकिस्तान द्वारा किए गए ये ताजा हमले चीन के विशेष दूत यू शियाओयोंग के काबुल की यात्रा के बाद इस्लामाबाद पहुंचने और अपने पाकिस्तानी समकक्ष मोहम्मद सादिक से मुलाकात के एक दिन बाद हुए हैं। काबुल की यात्रा के दौरान यू शियाओयोंग अफगान सरकार के अधिकारियों से मिले थे।

अफगानिस्तान के लिए पाकिस्तान के विशेष दूत सादिक ने हमलों से एक दिन पूर्व ‘एक्स’ पर लिखा था कि उन्होंने और यू ने ‘‘टीटीपी और ईटीआईएम (पूर्वी तुर्किस्तान इस्लामिक आंदोलन) जैसे आतंकवादी समूहों द्वारा क्रमशः पाकिस्तान और चीन को लिए उत्पन्न खतरों पर चर्चा की’’ और स्थायी शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की।

SCROLL FOR NEXT