एनएच-16 पर पेंट्स से भरा ट्रक पलटा REP
टॉप न्यूज़

एनएच-16 पर पेंट्स से भरा ट्रक पलटा

सफेद हुआ काला डामर, उलूबेड़िया के नरेंद्र मोड़ पर मचा हड़कंप

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : एनएच-16 पर उलूबेड़िया के नरेंद्र मोड़ के पास पेंट्स (रंग) से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक में रखा भारी मात्रा में सफेद तरल रंग सड़क पर फैल गया, जिससे काला डामर पल भर में पूरी तरह सफेद हो गया। बारिश के मौसम में गीली सड़क पर रंग फैलने से मार्ग अत्यधिक फिसलन भरा हो गया, जिससे अन्य वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया। इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

पुलिस ने तुरंत क्षेत्र की घेराबंदी कर यातायात को नियंत्रित किया ताकि इससे कोई दुर्घटना न हो। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक में रखे पेंट के डिब्बों को हटाया गया और एक हाइड्रा क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सीधा किया गया। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछारों से सड़क पर फैले रंग को साफ कर आवाजाही सामान्य की। वहीं इस मौके पर स्थानीय निवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग और सर्विस रोड पर बने गड्ढों पर आक्रोश जताया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

SCROLL FOR NEXT