आज 25 मई को राजधानी दिल्ली में पद्म पुरस्कार समारोह का आयोजन हो रहा है, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश की जानी-मानी हस्तियों को सम्मानित करेंगी। इस बार एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के कई बड़े नाम इस सूची में शामिल हैं, जिनमें दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र से लेकर मलयालम सुपरस्टार ममूटी तक शामिल हैं।
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। उनकी ओर से यह सम्मान उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ग्रहण करेंगी। उनके साथ बेटी अहाना भी मौजूद रहेंगी। धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को हुआ था, और अब उनके योगदान को देश सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक से याद कर रहा है।
दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को पद्म श्री से नवाजा जाएगा। टीवी और फिल्मों में अपने शानदार अभिनय से पहचान बनाने वाले सतीश शाह ने ‘जाने भी दो यारों’ से लेकर ‘मैं हूं ना’ तक कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। उनका लोकप्रिय शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ आज भी दर्शकों के बीच चर्चित है।
मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। 300 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके ममूटी पिछले कई दशकों से इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं और आज भी सक्रिय हैं।
वहीं मशहूर प्लेबैक सिंगर अलका याज्ञनिक को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। उनकी आवाज़ ने हिंदी सिनेमा को अनगिनत हिट गाने दिए हैं। इसके अलावा अभिनेता आर. माधवन को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने ‘3 इडियट्स’, ‘रहना है तेरे दिल में’ जैसी फिल्मों से खास पहचान बनाई। इस बार का पद्म सम्मान समारोह एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के दिग्गजों के योगदान को सलाम करने वाला खास मौका बन गया है।