सिक्किम ,सन्मार्ग ब्यूरो : केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सिक्किम के नामची में अपने दौरे के दूसरे दिन शिक्षा, पर्यटन, चाय उद्योग और खेल से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय हितधारकों, छात्रों, चाय बागान श्रमिकों और युवा खिलाड़ियों से संवाद करते हुए पूर्वोत्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
दौरे के दौरान मंत्री ने तर्कू स्थित निर्माणाधीन सिक्किम विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया, जो राज्य का पहला विश्वविद्यालय होगा। लगभग 28 एकड़ में फैले इस परिसर को पूर्वोत्तर परिषद के सहयोग से विकसित किया जा रहा है और इसके पूर्ण होने पर 1500 से अधिक छात्रों को शिक्षा प्रदान करने की क्षमता होगी। सिंधिया ने परिसर के प्राकृतिक स्वरूप की सराहना करते हुए इसमें और अधिक हरित तत्व जोड़ने का सुझाव दिया तथा कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।