टॉप न्यूज़

17 सितंबर को बंगाल में जलाए जाएंगे 1 करोड़ से अधिक दीये

पीएम के जन्मदिन पर खास तैयारी

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : 17 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, जबकि 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक पद पर 25 साल पूरे होंगे। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को केंद्र में रखकर राज्य सरकार ने अभूतपूर्व और ऐतिहासिक ‘मेगा सेलिब्रेशन’ की योजना तैयार की है। 17 सितंबर को पूरे राज्य में 1 करोड़ से अधिक दीये जलाये जायेंगे। राज्यभर में होने जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के मद्देनजर गुरुवार को नवान्न में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसके बाद सीएम शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया को संबोधित करते हुए राज्यभर में दिनभर चलने वाले इस भव्य आयोजन की घोषणा की। इनमें विकसित भारत संकल्प यात्रा, बाइक और साइकिल रैलियां, सेवा यात्रा, सेवासेतु यात्रा और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज शामिल हैं। बड़ा आकर्षण ‘रंगोली यात्रा’ होगी, जिसमें प्राकृतिक सामग्री और रंगों का इस्तेमाल कर 108 मीटर का विशाल ‘भारत मंडल’ डिजाइन तैयार किया जाएगा।

पूरे राज्य में 12 कार्यक्रम होंगे

सीएम ने कहा कि पूरे राज्य में 12 कार्यक्रम करेंगे। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 17 सितंबर को पूरे राज्य में ‘अन्नपूर्णा दिवस’ मनाया जाएगा। इसके साथ ही असली आकर्षण शाम और रात में देखने को मिलेगा। सूर्यास्त के बाद गंगा के किनारे हजारों आशीर्वाद का दीप प्रज्वलित कर मुख्य समारोह की शुरुआत होगी। साथ ही, विक्टोरिया मेमोरियल, नबान्न, राइटर्स बिल्डिंग और कालीघाट मंदिर समेत कई सरकारी और ऐतिहासिक जगहों को मिट्टी के दीयों से सजाने की योजना है।

‘बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत राज्य के 80,000 से अधिक स्कूलों के विद्यार्थी चित्रकला, लेखन, भाषण, वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। इनमें विद्यार्थी बताएंगे कि 2047 में वे विकसित भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं। इसके अलावा ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन की उत्सव’ और ‘कहानी बदलाव की’ जैसे कार्यक्रम भी पूरे बंगाल में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और पीएम सूर्यघर जैसी योजनाओं से मिले लाभों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। ‘विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम’ के तहत साइकिल और मोटरसाइकिल रैलियां तथा पदयात्राएं भी निकाली जाएंगी। बंगाल में 7 अक्टूबर को ‘सेवा यात्रा’ आयोजित की जाएगी। प्रधानमंत्री देश के हर जिले को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।

SCROLL FOR NEXT