नयी दिल्ली : आगामी रविवार को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान में पूरे देश की जनजातियों का विशाल समागम होगा ।इस विराट आयोजन में देश भर से डेढ़ लाख से अधिक जनजाति समाज के महिला-पुरुष पारंपरिक वेशभूषाएं पहन कर हिस्सा लेंगें साथ ही अपने अपने लोकनृत्य, लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश करेंगे। जनजाति सुरक्षा मंच के मीडिया प्रभारी महेश काले के अनुसार जनजाति समागम जनजातियों की विविध संस्कृति का भव्य और सुंदर संगम होगा।
महेश काले के अनुसार 24 मई रविवार को दोपहर 3:00 बजे दिल्ली के पांच विभिन्न स्थानों से विशाल शोभा यात्राएं प्रारंभ होंगी। ये यात्राएं राजघाट चौक, रामलीला मैदान, अजमेरी गेट चौक, कुदसिया बाग (कश्मीरी गेट) , श्यामगिरि मंदिर (शास्त्री पार्क बस डिपो के पास)से आरंभ हो कर अपनी पारंपरिक जनजातीय संस्कृति एवं गौरव का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करते हुए लाल किला मैदान तक पहुंचेंगी। सायं 6:00 बजे लाल किला मैदान पर आयोजित भव्य जनसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।