मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : स्कूल सर्विस कमीशन (SSC) ने क्लास 11-12 के शिक्षकों की भर्ती के लिए इंटरव्यू की एक नई लिस्ट जारी की है। यह लिस्ट OBC रिजर्वेशन कोटा 17% से घटाकर 7% करने के नए नियमों के तहत वेबसाइट पर पब्लिश की गई है। इसके कारण विषय-वार खाली पदों का बंटवारा पूरी तरह बदल गया है, जिससे उम्मीदवारों के मन में कानूनी अड़चनों का डर फिर से पैदा हो गया है। साल 2016 के पुराने पैनल को भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच सुप्रीम कोर्ट द्वारा रद्द किए जाने के बाद से यह प्रक्रिया लगातार विवादों में रही है। कोर्ट ने नई भर्ती के लिए 31 मई, 2027 तक की आखिरी समय-सीमा तय की है। हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों के इंटरव्यू पहले हो चुके हैं, उन्हें दोबारा प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा, फिर भी नई मेरिट लिस्ट और काउंसलिंग के दौर से प्रक्रिया के और लंबा खींचने की आशंका है।
शिक्षक संगठनों ने जताया कड़ा विरोध
विभिन्न शिक्षक संगठनों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। ''योग्य शिक्षक-शिक्षिका अधिकार मंच'' के महबूब मंडल और ''ऑल पोस्ट-ग्रेजुएट टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन'' के चंदन गोराई ने सवाल उठाया है कि उन लोगों का क्या होगा जिन्हें पहले ही सिफारिश पत्र मिल चुके हैं। कार्यरत शिक्षक ने 2016 के सभी योग्य शिक्षकों की बहाली की मांग की है और कहा है कि बीच में भर्ती नीति बदलना यह दिखाता है कि प्रक्रिया को पूरा करने की सच्ची मंशा नहीं है। ''बंगीय शिक्षक और शिक्षा-कर्मी समिति'' के स्वपन मंडल का कहना है कि इन लगातार अड़चनों की वजह से राज्य की पूरी स्कूली शिक्षा व्यवस्था गंभीर रूप से चरमरा रही है।