टॉप न्यूज़

बच्चों को पौष्टिक भोजन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जरूरी : राष्ट्रपति

राष्ट्रपति ने कहा कि बच्चों के लिए एक सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य केवल सरकार की नहीं बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है।

नयी दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं और यह आवश्यक है कि उन्हें पौष्टिक भोजन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आसानी से उपलब्ध हो। राष्ट्रपति ने कहा कि बच्चों के लिए एक सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य केवल सरकार की नहीं बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है।

मुर्मू ने यहां राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में ‘अक्षय पात्र फाउंडेशन’ द्वारा भोजन के पांच अरब पैकेट वितरण के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि जब शिक्षक, माता-पिता, सामाजिक संगठन, कॉर्पोरेट जगत और समाज के सभी वर्ग मिलकर काम करते हैं, तभी हम आने वाली पीढ़ी के लिए एक मजबूत नींव रखते हैं।

हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक भोजन, अच्छा स्वास्थ्य और स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिले। ये मूलभूत तत्व बच्चों के सर्वांगीण विकास को संभव बनाते हैं। उन्होंने कहा कि यह अक्षय पात्र फाउंडेशन की एक सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का विषय ‘एक समृद्ध और शिक्षित भारत से एक विकसित भारत की ओर’ है, जो वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण के हमारे राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने के महत्व को रेखांकित करता है। 

SCROLL FOR NEXT