टॉप न्यूज़

एनटीए संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी

नई दिल्ली : एनटीए (NTA) संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी हो रही है। सूत्रों के अनुसार एनटीए अपने संगठन में बदलाव के साथ, सिस्टम को मज़बूत करने और देशभर में परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने की घोषणा करने वाली है । शिक्षा मंत्रालय की ओर से परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए तैयार किए गए सुधारों की जानकारी साझा की जाएगी। माना जा रहा है कि सरकार परीक्षा प्रक्रिया में तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर कई अहम बदलावों की घोषणा कर सकती है।

पारदर्शिता और सुरक्षा

सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित सुधारों का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाना, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना और उम्मीदवारों का भरोसा बहाल करना है। इसके तहत परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और जवाबदेही से जुड़े कई नए प्रावधान सामने आ सकते हैं। सरकार का मानना है कि मजबूत व्यवस्था के जरिए भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

छात्र संगठन लंबे समय से परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ऐसे में अब सभी की नजर शिक्षा मंत्रालय की घोषणा पर है कि एनटीए में आखिर कौन-कौन से बड़े बदलाव किए जाते हैं और क्या ये सुधार भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता को मजबूत करने में सफल साबित होंगे।

गौरतलब है कि एनटीए 15-20 राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं आयोजित करती है जिनमें JEE, NEET, CUET आदि शामिल हैं ।

SCROLL FOR NEXT