टॉप न्यूज़

सोशल मीडिया पर जान की गुहार लगाता रहा NRS का पूर्व छात्र डॉक्टर, परिवार ने लगाया रैगिंग और हत्या का आरोप

मौत से पहले पोस्ट डिलीट करने का बनाया जा रहा था दबाव, पिता को फोन कर कहा था- तुम्हारी भी हत्या हो सकती है; नागेरबाजार थाने में दर्ज हुई शिकायत

Krishna Das Parth

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : 'मुझे मत मारो। अगर तुम चाहते हो कि मैं मर जाऊं, तो मुझे नींद की गोलियां दे दो। मैं फेसबुक से सारे पोस्ट डिलीट कर दूंगा।' सोशल मीडिया पर इस तरह अपनी जान बचाने की गुहार लगाने वाले 30 वर्षीय पूर्व जूनियर डॉक्टर अभिजीत सरकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को काली पूजा के दिन दमदम के नागेरबाजार स्थित एक निजी हॉस्टल के कमरे से उसका शव फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया। हालांकि, मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए सुनियोजित हत्या और हॉस्टल में लंबे समय से हो रही रैगिंग का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि अभिजीत को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और उस पर सोशल मीडिया के पोस्ट हटाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

पिता को फोन कर जताया था जान का खतरा

मृतक के पिता ज्ञानेंद्र सरकार के मुताबिक, अभिजीत ने रविवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें आखिरी बार फोन किया था। बातचीत के दौरान उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए पिता को भी सावधान रहने की सलाह दी थी। पिता का आरोप है कि बेटे ने कहा था कि उसकी हत्या करने की कोशिश की जा रही है और परिवार के सदस्यों की जान भी खतरे में हो सकती है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा हॉस्टल में रैगिंग और मानसिक प्रताड़ना का शिकार था। परिवार को आशंका है कि इसी प्रताड़ना के कारण उसकी हत्या की गई है।

सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा संदेह

अभिजीत की मौत से पहले उसके फेसबुक और व्हाट्सऐप पर किए गए पोस्ट अब जांच का अहम पहलू बन गए हैं। कभी उसने लोगों से सतर्क रहने और उसे जिंदा रहने में मदद करने की अपील की, तो कभी अपने आसपास प्रभावशाली लोगों की मौजूदगी का जिक्र किया। एक पोस्ट में उसने लिखा था कि वह अब और बर्दाश्त नहीं कर सकता। परिवार का कहना है कि इन पोस्टों से स्पष्ट होता है कि वह किसी गंभीर दबाव और भय के माहौल में जी रहा था। परिजनों ने शिकायत में मानसिक उत्पीड़न, रैगिंग और पोस्ट डिलीट करने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया है।

नागेरबाजार थाने में शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच

मृतक के जीजा सुदीप्ता सरकार ने नागेरबाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ फोरेंसिक जांच के निष्कर्षों का भी इंतजार कर रही है। हॉस्टल के अंदर और आसपास की परिस्थितियों, मृतक के आखिरी फोन कॉल, सोशल मीडिया पोस्ट और उसके संपर्क में रहे लोगों की भूमिका की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इधर, हॉस्टल के कुछ निवासियों और स्थानीय लोगों ने रविवार को अंदर से 'बचाओ-बचाओ' की आवाज सुनाई देने का दावा किया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। परिवार ने अभी तक किसी व्यक्ति का नाम लेकर आरोप नहीं लगाया है, लेकिन हॉस्टल में प्रभावशाली लोगों की भूमिका की जांच की मांग की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखर्जी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। मंत्री ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। दूसरी ओर, जूनियर डॉक्टरों ने भी घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

NRS से MBBS करने के बाद कर रहा था NEET-PG की तैयारी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभिजीत ने वर्ष 2024 में NRS मेडिकल कॉलेज से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उसने करीब एक वर्ष तक ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी विभाग में हाउस स्टाफ के रूप में काम किया। फिलहाल वह MD कोर्स में दाखिले के लिए NEET-PG की तैयारी कर रहा था। नदिया जिले के कालीगंज थाना अंतर्गत सपजोल गांव के दक्षिणपाड़ा का रहने वाला अभिजीत पढ़ाई में मेधावी था। उसने 2013 में सपजोल देशबंधु हाई स्कूल से माध्यमिक और 2015 में बेथुआडहरी जेसीएम स्कूल से उच्च माध्यमिक की परीक्षा पास की थी। उसके पूर्व शिक्षक गोलोक मंडल के अनुसार, वह पढ़ाई में काफी प्रतिभाशाली था और 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करता था। अब पुलिस जांच के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि अभिजीत की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे किसी तरह की आपराधिक साजिश थी। परिवार द्वारा लगाए गए रैगिंग, मानसिक प्रताड़ना और हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।

SCROLL FOR NEXT