15 सितंबर तक अनुपालन रिपोर्ट अनिवार्य
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल समग्र शिक्षा मिशन ने पारंपरिक शिक्षा प्रणाली के साथ डिजिटल शिक्षण यानी 'ब्लेंडेड लर्निंग' को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। इसके तहत राज्य के सभी शिक्षकों और अभिभावकों के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के 'PM e-VIDYA' मोबाइल ऐप को डाउनलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है। इस ऐप में कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए बंगाली सहित अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में बेहतरीन ई-कंटेंट, ऑडियोबुक्स और इंटरैक्टिव लर्निंग मटेरियल उपलब्ध कराया गया है।
हेडमास्टर्स सुनिश्चित करेंगे ऐप का इस्तेमाल
समग्र शिक्षा मिशन ने स्पष्ट किया है कि हेडमास्टर्स को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका समस्त स्टाफ इस ऐप का उपयोग करे। साथ ही, शिक्षकों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे पैरेंट-टीचर मीटिंग के माध्यम से अभिभावकों को ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करें ताकि बच्चे घर पर रहकर भी अपनी पढ़ाई सुचारू रख सकें। इस ऐप में शिक्षकों के पेशेवर विकास के लिए 'NISHTHA' ट्रेनिंग मॉड्यूल भी शामिल है। इस पूरी प्रक्रिया की अनुपालन रिपोर्ट 15 सितंबर तक अनिवार्य रूप से जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।